
Pneumonia : भोपाल की प्रदूषित हवा और बदलते मौसम के बीच बच्चों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है। खासकर बच्चों को सांस की समस्या अपनी चपेट में ले रही है। खांसी, बुखार और तेज सांस चलने को आमतौर पर हम सामान्य बीमारी की तरह देखते हैं लेकिन ये लक्षण गंभीर बीमारी का संकेत देते हैं। इसलिए इन्हें मौसमी बीमारी समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। चिकित्सकों के मुताबिक ये निमोनिया के लक्षण हो सकते हैं। केवल हमीदिया अस्पताल में ही रोजाना 6 से 7 बच्चे निमोनिया से पीडि़त होकर पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं, निमोनिया के कारण हर माह करीब 15 नवजातों की मौत भी हो रही है।
गंभीर मरीजों को ऑक्सीजन और आइसीयू तक में भर्ती कराने की जरूरत पड़ रही है। पांच साल से कम उम्र के बच्चों में इसका खतरा सबसे ज्यादा है।
निमोनिया में फेफड़ों के छोटे वायुकोषों में सूजन आ जाती है। इनमें तरल या मवाद भरने से शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती। बैक्टीरिया और वायरस इसके प्रमुख कारण हैं। प्रदूषण से अस्थमा और एलर्जी से पीडि़त बच्चों की परेशानी बढ़ सकती है। कुपोषण, कम वजन, समय से पहले जन्म और कमजोर इम्यूनिटी भी खतरा बढ़ाते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर इलाज जरूरी है। मध्यप्रदेश में पांच साल से कम उम्र के बच्चों की निमोनिया से होने वाली मौतों में देश की कुल मौतों का करीब 12 प्रतिशत हिस्सा होने का अनुमान है।
बच्चे की सांस सामान्य से तेज चलना। सांस लेते समय पसलियों के नीचे छाती धंसना। दूध या भोजन पीने में परेशानी। लगातार खांसी और बुखार। बच्चे का असामान्य रूप से सुस्त पडऩा।
जीएमसी के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश टिक्कस के अनुसार, इलाज में देरी से निमोनिया गंभीर हो सकता है। उनके अनुमान के मुताबिक, भोपाल में हर महीने 12 से 15 बच्चों की इससे मौत होती है। इनमें करीब 50 प्रतिशत बच्चे एक साल से कम उम्र के होते हैं।
जीएमसी के सांस रोग विभाग प्रमुख डॉ. लोकेन्द्र देव के अनुसार, निमोनिया का इलाज आपात स्थिति मानकर तुरंत शुरू कराना चाहिए। बुजुर्गों और हृदय, किडनी, टीबी व उच्च रक्तचाप से पीडि़त मरीजों में संक्रमण गंभीर हो सकता है। उनके अनुसार, इलाज में छह घंटे की देरी से मृत्यु की आशंका 10 प्रतिशत और 24 घंटे की देरी से 40 प्रतिशत तक बढ़ सकती है।
समय पर टीकाकरण, छह महीने तक केवल मां का दूध, पौष्टिक आहार और स्वच्छ हवा निमोनिया से बचाव में मददगार हैं। सरकार के सांस कार्यक्रम में शुरुआती पहचान, समय पर उपचार और ऑक्सीजन की उपलब्धता पर जोर दिया गया है। सांस लेने में परेशानी या छाती धंसने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें।