
MP News:एमपी के भोपाल शहर में मतदाता सूची पुनरीक्षण काम में लापरवाही बरतने वाले 77 बीएलओ व 09 सुपरवाइजर्स को कारण बताओ नोटिस जारी हुए हैं। नरेला विधानसभा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि 19 सितंबर तक काम करके सूची देना थी, लेकिन इन्होंने नहीं दी।
काम कराने अब एक तहसीलदार, दो नायब तहसीलदार समेत दस पटवारी- आरआइ की ड्यूटी लगाई है। पूरे जिले की सातों विधानसभाओं में करीब 600 से अधिक बीएलओ को लापरवाह तय कर नोटिस की प्रक्रिया की जा रही है।
मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण के तहत इस समय कर्मचारी को 2003 की मतदाता सूची में अंकित मतदाताओं की संख्या की जांच के लिए काम पर लगाया है। मतदाताओं के सही विवरणों का पता लगाने का काम करना है। एसआइआर यानी अनुपूरक सूची से ये पहले का काम है। यह मतदाता सूची को पूरी तरह से अपडेट करने की प्रक्रिया है, जिसमें यह सुनिश्चित किया जाता है कि कोई भी योग्य मतदाता न छूटे, डुप्लीकेट नाम हटाए जाएं और गलतियां सुधारी जाएं।
यह गहन पुनरीक्षण के बाद एसआइआर यानी अनुपूरक सूची तैयार की जाएगी। इसका उपयोग उन मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए किया जाता है, जिनके आवेदन अंतिम पुनरीक्षण की समय सीमा के बाद आए हों। यह मुख्य मतदाता सूची के साथ एक अतिरिक्त सूची के रूप में जोड़ी जाती है।