भोपाल

नवंबर में दिसंबर का अहसास, सामान्य से 7.5 डिग्री गिरा तापमान, अब आ रहा कड़ाके की ठंड का दौर

MP Weather Update : आमतौर पर शहर में दिसंबर के पहले पखवाड़े तक तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचता है, लेकिन इस बार नवंबर के पहले पखवाड़े में ही तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों पर संभावना जताई है।
2 min read
MP Weather Update
नवंबर में दिसंबर का अहसास (Photo Source- Patrika)

MP Weather Update :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस बार नवंबर में ही कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। इन दिनों शहर में पड़ रही सर्दी दिसंबर की ठंडक का अहसास करा रही है। आमतौर पर शहर में दिसंबर के पहले पखवाड़े के बाद तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचता है, लेकिन इस बार नवंबर के पहले पखवाड़े में ही तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। शहर में सोमवार को लगातार तीसरे दिन तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा और लोगों को फिर तेज सर्दी का सामना करना पड़ा।

हिमालय रीजन में बर्फबारी के बाद शहर की फिजा सर्द हो गई है। मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन भर धूप और शाम होते ही शहर में ठंडक बढ़ने लगती है। सोमवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह रहा। हालांकि पिछले दो दिनों के मुकाबले न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट हुई, लेकिन बहुत ज्यादा राहत नहीं मिली। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.3 और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान अब भी सामान्य से 7.5 डिग्री कम है। इसलिए रात में कड़ाके की सर्दी का अहसास हो रहा है।

जारी रहेगा कड़ाके की ठंड का दौर

मौसम विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि अभी मौसम सर्द बना रहेगा। इस समय उत्तरी सर्द हवा आ रही है। फिलहाल कोई बड़ा सिस्टम नहीं है। इसलिए तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा और सर्दी का दौर जारी रहेगा। फिलहाल सर्द शुष्क हवा राजस्थान की ओर से आ रही है।

पिछले एक सप्ताह में तापमान की स्थिति

-4 नवंबर 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

-5 नवंबर 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

-6 नवंबर 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

-7 नवंबर 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

-8 नवंबर 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

-9 नवंबर 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

-10 नवंबर 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

Updated on:
11 Nov 2025 07:38 am
Published on:
11 Nov 2025 07:38 am