भोपाल

‘आपके 10 हजार पॉइंट हैं रिडीम कर लें…’ भोपाल में CM हाउस में तैनात पुलिसकर्मी के पास आया फोन, खाता खाली

Robbery with police officer: राजीव के मुताबिक जानकारी भरते ही मोबाइल पर एक ओटीपी आते ही सिस्टम ने खुद पढ़ लिया। तब ठगी का अहसास हुआ...

2 min read
Jun 23, 2026
Robbery with police officer: लिंक के आधार पर जांच कर रही पुलिस (Photo Source: AI Image)
Robbery with police officer: लिंक के आधार पर जांच कर रही पुलिस (Photo Source: AI Image)

Cyber Crime: मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में बैंक के रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम कराने का झांसा देकर सीएम हाउस में प्रतिनियुक्ति तैनात पुलिसकर्मी से 1.80 लाख रुपए ठग लिए। ठग ने खुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताकर पहले विश्वास में लिया और फिर फर्जी लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड से रकम निकाल ली।

पुलिस ने बताया कि अंशुल विहार कॉलोनी निवासी 41 वर्षीय राजीव सिंह परिहार ने शिकायत दर्ज कराई है। 18 जून की शाम 6 बजे वे ड्यूटी पर थे, तभी उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड में 10 हजार रिवॉर्ड पॉइंट जमा हैं, जिन्हें दो दिन के भीतर रिडीम नहीं किया गया तो लेप्स हो जाएगा।

अपने आप रीड हो गया मैसेजे

राजीव द्वारा लिंक खोलने के बाद फरियादी से मोबाइल नंबर और नाम दर्ज कराया गया। जानकारी भरते ही मोबाइल पर एक ओटीपी आते ही सिस्टम ने खुद पढ़ लिया। इसके तुरंत बाद अचानक से 1.80 लाख रुपए खाते से निकलने का मैसेज आ गया। ठगी का अहसास होते ही राजीव ने तुरंत बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर फोन करके तुरंत सभी कार्डस को ब्लॉक कराया। उसके बाद 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज करा दी। अब पुलिस मोबाइल नंबर, लिंक के आधार पर जांच कर रही है।

आप न करें ये गलती

  • अपना बैंक पासवर्ड, यूपीआई पिन और सीवीवी (CVV) कभी किसी के साथ साझा न करें।
  • किसी भी लॉटरी, नौकरी के ऑफर, या बिजली बिल से जुड़े लुभावने संदेशों में दिए गए अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
  • किसी भी अनजान नंबर से आए वीडियो कॉल को उठाने से बचें, क्योंकि ठग अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करके ब्लैकमेल कर सकते हैं।
  • ऑनलाइन बैंकिंग या पैसों का लेनदेन कभी भी सार्वजनिक/ओपन वाई-फाई (Public Wi-Fi) से न करें।
  • किसी भी फर्जी लिंक पर क्लिक न करें।

टास्क पूरा करवाने के नाम से ठगे दो लाख

वहीं दूसरी ओर गोविंदपुरा थाना क्षेत्र सी सेक्टर निवासी 33 वर्षीय रामदास मोरे से टास्क पूरा करने के नाम से 2 लाख 46 हजार 131 ठग लिए। थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि युवक किसी निजी कंपनी में वर्क फॉर होम का काम करता है। इसी दौरान वह ऑनलाइन कंपनी से संपर्क किया और उनके द्वारा दिए गए टास्क पर काम करने लगा था। धीरे-धीरे वह रुपए निवेश करता गया। जब रुपए निकालने की कोशिश की तो नहीं निकला। टीम मोबाइल नंबर और बैंक खाता ट्रेस करने में जुटी है।

पेट्रोल पंपकर्मी ने गंवाए 6 लाख

वहीं एक और मामले में 500-500 नोटों की गड्डी के बदले 100-100 की गड्डी और 20 हजार मुनाफा देने का लालच देकर 6 लाख 30 हजार धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर सूखीसेवनिया पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रामबाबू सिंह ने बताया कि आदर्श कॉलोनी में रहने वाले पेट्रोल पंप सुपरवाइजर सुपीरियर सिंह धाकड़ को उसके अपने ही रिश्तेदार ने दोस्तों के साथ मिलकर धोखाधड़ी की है।

आरोपियों ने धाकड़ को चंद मिनटों में 20 हजार रुपए का मुनाफा कमाने का लालच देकर इस पूरे वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि फरियादी के गांव का रिश्तेदार नंदकिशोर चंद्रवंशी अपने दो दोस्तों शोएब लाला और गोविंद उइक के साथ अप्रैल में उनसे मिलने आया था। आरोपियों ने झांसा दिया कि यदि वह उन्हें पांच-पांच सौ के नोटों में जितना भी रुपए देगा, तो वे उसे तुरंत सौ-सौ के नोटों की गड्डियों के साथ 20 हजार रुपए बढ़ाकर मिलेगा। इसी झांसे में आकर पाड़ित ने कुल जमा पूंजी 6 लाख 30 हजार दे दिया।

Published on:
23 Jun 2026 11:12 am