
NEET- देशभर की तरह री नीट के लिए भोपाल भी हाई अलर्ट पर है। यहां 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। रविवार को भोपाल के इन केंद्रों पर 13774 विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे। पेपर लीक के बाद केंद्र सरकार ने नीट परीक्षा NEET पर लगे कलंक को साफ करने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। या यूं कहें बिल्कुल चुनाव की तरह परीक्षा के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पैरा मिलिट्री और पुलिस के जवान तथा साइबर कमांडो सभी प्रश्न पत्र को बैंक लॉकर, फिर वहां से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और फिर परीक्षा को लीक प्रूफ कराने के लिए मुस्तैद हैं। कुल 400 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। जबर्दस्त सुरक्षा व्यवस्था के बाद भी पिछले अनुभव की वजह से विद्यार्थियों की चिंता कम नहीं हुई है। परीक्षार्थियों ने कहा है कि नीट के लिए खूब तैयारी की है, परीक्षा सकुशल होनी चाहिए।
प्रश्न पत्रों को सेना के जवानों और पुलिस की निगरानी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया
राजधानी में भारतीय वायुसेना के विशेष विमानों से प्रश्न पत्र लाकर बैंकों के लॉकर में रखे गए हैं। अब आज प्रश्न पत्रों को सेना के जवानों और पुलिस की निगरानी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है।
मॉक ड्रिल के तहत पुलिस ने शनिवार शाम परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया। सुरक्षित कक्षों से सीलबंद डमी प्रश्नपत्र निकालकर परीक्षा केंद्र तक ले जाने की प्रक्रिया दोहराई। इस दौरान समय का रिकॉर्ड रखा गया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का परिचय परीक्षा केंद्र के अन्य कर्मचारियों से कराया गया।
इतने इंतजामों के बाद भी विद्यार्थियों के मन में पिछले विवादों की वजह से चिंता बनी हुई है। परीक्षा देने भोपाल पहुंचे छात्र दिव्यांश जैन ने कहा, बस इस बार सब ठीक हो जाए। ग्वालियर से आई छात्रा मोना त्रिपाठी ने बताया कि व्यवस्थाएं अच्छी हैं, लेकिन घबराहट अभी भी बनी हुई है। परीक्षा के लिए अब तक का सबसे बड़ा डिजिटल घेरा भी बनाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर जहां 5जी जैमर इंस्टॉल किए गए हैं, वहीं हर कक्ष में एआइ लैस सीसीटीवी कैमरे भी होंगे। इनसे कंट्रोल रूम में लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक इंतजाम किए हैं। हर एक परीक्षा केंद्र पर 8 से 10 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा कुल 400 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।