
Patrika Medex 2026- चिकित्सकों की अतुलनीय सेवा और समर्पण को मान देने के लिए शुक्रवार को 'पत्रिका मेडेक्स-2026' सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री (स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) राजेन्द्र शुक्ल ने विभिन्न श्रेणियों में राजधानी के 35 चिकित्सकों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
होटल हयात में हुए आयोजन के विशिष्ट अतिथि एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक डॉ. माधवानंद कर रहे। इस मौके पर लैंडमार्क ग्रुप के डायरेक्टर विपेन्द्र यादव, बीएमएचआरसी की डायरेक्टर मनीषा यादव, सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. टीएन दुबे सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद थे। सम्मान प्राप्त कर चिकित्सकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस प्रोत्साहन के लिए पत्रिका समूह का सहृदय धन्यवाद किया।
धरती के भगवान की संज्ञा:
डिप्टी सीएम शुक्ल ने डॉक्टरों के जादू 'स्पर्श' की सराहना कर कहा कि पीड़ा के क्षणों में जीवनदान देने के कारण ही डॉक्टर को समाज में भगवान का दर्जा मिलता है।
पत्रिका के जनसरोकार की सराहना:
उन्होंने पत्रिका की निष्पक्ष चयन प्रक्रिया की प्रशंसा कर इसे सेवा और कर्म को प्रतिष्ठा देने वाला संस्कार बताया।
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड:
दीर्घकालिक उत्कृष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया।