कर्नाटक चुनाव के बाद राहुल का प्रदेश पर फोकस
भोपाल@रिपोर्ट-अरुण तिवारी
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के लिए चुनाव का फॉर्मूला तैयार कर लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। राहुल गांधी जल्द ही प्रदेश के सभी दिग्गज नेताओं को नए सिरे से जिम्मेदारी का बंटवारा कर इस फॉर्मूले को लागू कर देंगे। इसके तहत प्रदेश के सभी उम्मीदवार राहुल गांधी तय करेंगे, इसके लिए उनकी टीम प्रदेश में सर्वे कर रही है।
टीम में ७० लोग हैं, जो अलग-अलग सीटों पर उम्मीदवारों के पैनल बना रहे हैं। इस पैनल पर ही प्रदेश की समन्वय समिति से राय ली जाएगी और इसी में से उम्मीदवार तय होगा। पैनल के अलावा कोई अन्य नाम नहीं जोड़े जाएंगे। टीम पैनल में उन लोगों के नाम शामिल करने पर भी विचार किया जा रहा है, जो जिला पंचायत या जनपद पंचायत में एक बार से ज्यादा चुनाव जीत चुके हैं।
प्रदेश में बनेंगी सात समितियां
चुनाव के लिहाज से प्रदेश में सात समितियों का गठन किया जा रहा है। इनमें समन्वय समिति, चुनाव अभियान समिति, चुनाव प्रबंधन समिति, घोषणा पत्र समिति, मीडिया और प्रचार-प्रसार समिति, सोशल मीडिया समिति और छानबीन समिति में अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी देकर सभी वरिष्ठ नेताआंे को संतुष्ट किया जाएगा।
२० फीसदी मौजूदा विधायकों के कटेंगे टिकट
इस समय कांग्रेस के ५७ विधायक हैं। राहुल गांधी की टीम वर्तमान विधायकांे का परफार्मेंस ऑडिट कर रही है। परफॉर्मेंस के आधार पर ही मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया जाएगा। अभी तक की रिपोर्ट के मुताबिक वर्तमान विधायकों में से करीब बीस फीसदी के टिकट काटे जाने की तैयारी है ।
जून में आ सकती है कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची
कांग्रेस की कोशिश है कि जल्द से जल्द विधानसभा उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाए। कांग्रेस जून में उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर देगी। इसमें उन सीटों के उम्मीदवारों के नाम होंगे, जहां कांग्रेस लगातार दो या तीन चुनावों से हार रही है। सूची में ८० से १०० नाम हो सकते हैं।
चेहरा राहुल, प्रदेश के दिग्गजों को चुनाव जिताने का जिम्मा
रा हुल गांधी प्रदेश में सीएम प्रोजेक्ट करने के पक्ष में फिलहाल नहीं हैं। गुजरात की तरह यहां भी राहुल के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा जाएगा। जिन नेताओं का जहां प्रभाव है, उनको वहां की जिम्मेदारी दी जा रही है। ज्योतिरादित्य सिंधिया को ग्वालियर चंबल और मालवा, कमलनाथ को महाकौशल, अरुण यादव को निमाड़, दिग्विजय सिंह को गुना राजगढ़, बुंदेलखंड में सत्यव्रत चतुर्वेदी, बघेलखंड में अजय सिंह और आदिवासी सीटों पर कांतिलाल भूरिया को विधानसभा सीटें जिताने का जिम्मा सौंपा जा रहा है।
कांग्रेस चुनाव को लेकर अपनी रणनीति पर काम कर रही है, इस बारे में औपचारिक तौर पर और विस्तार से प्रदेश कांग्रेस कमेटी ही बता सकती है।
- दीपक बावरिया, प्रदेश प्रभारी, कांग्रेस
कांग्रेस चुनाव की तैयारी में लगी हुई है, कांग्रेस का एक ही चेहरा है राहुल गांधी। उम्मीदवार भी राहुल गांधी ही तय करेंगे, अपने-अपने प्रभाव वाले इलाकों में नेताओं को सीट जिताने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची जून में आ जाएगी।
- अरुण यादव प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस