Bhopal News : मकर संक्रांति से पहले चाइनीज मांझे पर बड़ा एक्शन हुआ है। अयोध्या नगर पुलिस ने प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा बेच रहे एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है।
Bhopal News : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मकर संक्रांति से पहले चाइनीज मांझे पर बड़ा एक्शन हुआ है। भोपाल पुलिस ने पहली गिरफ्तारी की है। शहर की अयोध्या नगर पुलिस ने प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा बेच रहे एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अजय यादव के रूप में हुई है जो किराना दुकान की आड़ में खतरनाक चाइनीज मांझा बेच रहा था। पुलिस ने दुकान से 5,200 मीटर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार आंकी गई है।
कार्रवाई भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के सख्त आदेश के तहत की गई है, जिसमें शहर में चाइनीज मांझे के उपयोग, बिक्री, खरीद और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगा हुआ है। उल्लंघन पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। चाइनीज मांझा न सिर्फ पक्षियों और पर्यावरण के लिए खतरनाक है, बल्कि राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों के लिए भी जानलेवा है।
हालही में प्रदेशभर से चाइनीज मांझे से जुड़े हादसों के कई मामले सामने आ चुके हैं। इनमें इंदौर में एक युवक की मौत हो चुकी है, जबकि भोपाल में एक युवक गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है। इसके अलावा मांझे से गला कटने या गंभीर चोटें लगने की प्रदेशभर में कई घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, मकर संक्रांति पर सिर्फ पारंपरिक सूती धागे का ही इस्तेमाल करें और चाइनीज मांझे का पूर्ण बहिष्कार करें।