भोपाल

भोपाल में 40 मिनट तक अपडेट होता रहा रहा फोन, फिर अचानक खाते से निकले ’65 हजार’ रुपए

Cyber crime: साइबर ठगों ने तीन लोगों के बैंक खातों से कुल 1.96 लाख रुपये उड़ाए। इनमें बिजली बिल भुगतान, मोबाइल अपडेट और हैक के जरिए बिना ओटीपी के रकम निकालने के नए तरीके अपनाए गए।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 11:58 AM IST
साइबर ठगी , प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
साइबर ठगी , प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)

Bhopal news:मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में साइबर जालसाज लगातार लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं। शहर में तीन लोगों के बैंक खातों से 1.96 लाख की ठगी के केस दर्ज हुए हैं। इनमें एक गृहिणी, एसबीआइ में पदस्थ सीनियर एसोसिएट और एसडीईआरएफ का आरक्षक शामिल हैं। दो मामलों में पीड़ितों के मोबाइल फोन अपडेट होने के दौरान खाते से रकम निकल गई। वहीं, एक महिला के खाते से बिना किसी जानकारी और ओटीपी साझा किए ही 97 हजार रुपए से अधिक की रकम गायब हो गई। पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की थी। अलग-अलग केसों से जानिए ठगों द्वरा अपनाई जाने वाली नई-नई ट्रिक…

केस 1: बिजली बिल भुगतान के बाद रकम गायब

कटारा हिल्स थाना क्षेत्र की स्वर्ण कुंज कॉलोनी स्थित कृष्णा टावर निवासी 47 वर्षीय रजनी सिंह पुंडीर गृहिणी ने पुलिस को बताया कि 12 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे गूगल पे पर बैलेंस चेक करने के दौरान खाते में करीब 1.77 लाख रुपए थे। दुकान के बिजली बिल के 3871 रुपए का भुगतान करने के बाद उन्हें खाते में करीब 74 हजार रुपए शेष होने का मैसेज मिला। दोबारा जांच करने पर बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 97,432 रुपए कम मिले। गूगल पे की हिस्ट्री में भी रकम का ट्रांजेक्शन नहीं दिखा। महिला का कहना था कि उसने न तो किसी लिंक पर क्लिक किया था और न ही किसी को ओटीपी बताया था। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर 11 नवंबर को रकम निकलने की जानकारी मिली।

केस 2: एंड्रॉयड अपडेट के दौरान उड़ी रकम

जहांगीराबाद के चर्च रोड स्थित यादव मोहल्ला निवासी 41 वर्षीय विशाल मौर्य एसबीआइ में सीनियर एसोसिएट हैं। उन्होंने बताया, 15 नवंबर की शाम उनके मोबाइल पर अपडेट का मैसेज आया था। अनुमति देने के बाद फोन 40 मिनट तक अपडेट होता रहा। दो घंटे बाद उन्होंने योनो ऐप पर खाते की जानकारी देखी तो 65 हजार रुपए कट चुके थे। जांच में पता चला कि 50 हजार रुपए गणपत राम और 15 हजार रुपए राहुल साकेत की यूपीआइ आइडी पर ट्रांसफर किए।

केस 3: मोबाइल हैक हुआ और रकम उड़ी

मामला वसुंधरा बैंक कॉलोनी का है। एसडीईआरएफ में आरक्षक 55 वर्षीय रामजी शर्मा का मोबाइल 13 नवंबर को अचानक काम करना बंद हो गया था। कुछ देर बाद फोन चालू हुआ, लेकिन ठीक से काम नहीं कर रहा था। शाम को दोबारा फोन चालू करने पर उन्हें पता चला कि खाते से 34 हजार रुपए निकल चुके हैं। रकम एक यूपीआइ आइडी पर ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद उनके पास एक अनजान नंबर से फोन भी आया, जिसमें कॉल करने वाला उनसे पैसे मांगने लगा।

Updated on:
18 Nov 2026, 11:58 AM IST
Published on: