भोपाल

Bhopal News : एमपी के इस धाकड़ अफसर से कांपते थे नेता, सरकार से भी भिड़ गए थे पूर्व आईएएस

AV Singh : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवी सिंह प्रशासनिक क्षमता के धनी थे, मातहत अधिकारी उनके नाम से ही कांपते थे
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 11:34 AM IST
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवी सिंह
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवी सिंह- image patrika file

AV Singh : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह यानि एवी सिंह का बुधवार को देहांत हो गया। वे 83 साल के थे। एवी सिंह के देहांत की खबर सुनकर राजधानी के प्रशासनिक और राजनीतिक हल्कों में शोक पसर गया। उनका अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा। एवी सिंह बहुत धाकड़ अफसर थे और अपनी प्रशासनिक दक्षता के लिए जाने जाते थे। राज्य के कई वरिष्ठ नेता तक उनके पास सीधे जाने से कतराते थे। पूर्व मुख्य सचिव एवी सिंह के ऐसे अनेक किस्से मशहूर हैं। रिटायरमेंट के बाद भी उनके तेवर नहीं बदले। 4 साल पहले एवी सिंह वन विभाग के एक मामले में सरकार से ही भिड़ गए थे।

पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय (एवी) सिंह 1970 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के आईएएस थे। उन्होंने प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों का दायित्व निभाया। 22 अक्टूबर 1943 को जन्मे एवी सिंह मार्च 2002 से जनवरी 2004 तक मध्यप्रदेश के सीएस भी रहे। उन्होंने भोपाल, ग्वालियर जिलों के कलेक्टर की जिम्मेदारी भी निभाई थी। सेवानिवृत्ति के बाद एवी सिंह को राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। उनके मुख्यसचिव रहते ही दिसंबर 2003 में उमा भारती ने बीजेपी सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

सुभाष नगर में होगा अंतिम संस्कार

एवी सिंह के देहांत से प्रदेश के प्रशासनिक जगत में शोक फैल गया है। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे भोपाल में ही किया जाएगा। पुत्र धनंजय विजय सिंह के अनुसार सुभाष नगर विश्राम घाट के विद्युत शवदाह गृह में अंतिम क्रियाएं संपन्न कराई जाएंगी।

आदित्य विजय (एवी) सिंह बेहद सख्त मिजाज अधिकारी माने जाते थे। यहां तक कि रिटायरमेंट के बाद उनकी सरकार से ही ठन गई थी। 2022 में कोलार डैम के नजदीक बने रातापानी जंगल लाज (रिसोर्ट) के मामले में पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह ने वन विभाग पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया। दरअसल वन विभाग ने रिसोर्ट के भूमि स्वामी के रूप में उनके बेटे धनंजय सिंह को नोटिस भेज दिया था। इसपर आदित्य विजय सिंह ने तत्कालीन मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जताई। उनकी शिकायत पर राज्य शासन ने जांच भी कराई थी।

Updated on:
11 Nov 2026, 11:34 AM IST
Published on: