
Politics on School Holidays on Sawan Somwar 2025: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में सावन 2025 के प्रत्येक सोमवार पर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। जिला कलेक्टर का आदेश जारी होने के बाद मध्य प्रदेश में सियासी जंग छिड़ गई।
उज्जैन जिला कलेक्टर की इस घोषणा के बाद एमपी कांग्रेस नेता आरिफ मसूद ने कलेक्टर के इस आदेश को बेतुका कहा है> उन्होंने कहा कि ये आदेश देकर कलेक्टर मुख्यमंत्री को खुश करना चाहते हैं। आरिफ मसूद ने कहा एक्स पर पोस्ट शेयर की है, इसमें उन्होंने लिखा है, 'महाकाल की सवारी वर्षों से निकल रही है और हर धर्म, हर समाज के लोग उसका स्वागत भी करते हैं। कलेक्टर ऐसा बेतुका आदेश निकालकर केवल मुख्यमंत्री को खुश करना चाहते हैं।
संविधान से देश चलेगा। कल दूसरे धर्म के लोग भी आवाज उठाएंगे तब क्या करेंगे? एक देश एक संविधान की बात करने वालों को सोचना चाहिए।'
एमपी कांग्रेस के इस बयान के पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा भड़क गए, उन्होंने तंज किया कि कांग्रेस तो आतंकवादियों को बिरयानी खिलाने में व्यस्त रहती है। इस संदर्भ की एक पोस्ट विधायक ने एक्स पर शेयर करते हुए लिखा है,-
'कांग्रेस केवल आतंकवादियों को बिरयानी खिलाने में व्यस्त रहती है। इसके लोग विदेशी चमचागिरी में व्यस्त रहते हैं। पता नहीं ये कांग्रेस चीन की है या पाकिस्तान की है… कलेक्टर के पास अधिकार होता है कि वो जन आवश्यकता अनुसार शासकीय छुट्टी घोषित कर सकता है।'
बता दें कि सावन का महीना शुरू होने में अब कुछ ही घंटे बचे हैं। इस माह को धार्मिक दृष्टि से बेहद खास माना जाता है। वहीं उज्जैन महाकाल की नगरी है जहां देश-दुनिया से भक्तों की भीड़ उमड़ती है। खासतौर पर सावन के महीने में प्रत्येक सोमवार को यहां भक्तों की भीड़ का आलम देखने लायक होता है, उस पर महाकाल की सवारी के आयोजन के कारण हर साल यहां प्रत्येत सोमवार को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया जाता है। ये अवकाश सरकारी और प्राइवेट सभी स्कूलों पर लागू होता है। वहीं मंगलवार से रविवार तक नियमित रूप से कक्षाएं लगाई जाती हैं।