
President Draupadi Murmu MP visit- देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) जल्द ही मध्य प्रदेश के दौरे पर आ सकती हैं। प्रस्तावित दौरे के मुताबिक वे पांच दिन एमपी में रुकेंगी। 18 जून से 22 जून तक महामहिम बैतूल, खंडवा, जबलपुर और श्योपुर का दौरा करेंगी। वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी और स्थानीय लोगों से मुलाकात भी करेंगी। चारों जिलों में राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, सभी कार्यक्रमों में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) और राज्यपाल मंगुभाई पटेल (Governor Mangubhai Patel) भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ शामिल होंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून को बैतूल जिले के दौरे पर आएंगी। राष्ट्रपति यहां लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित 'आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण' विषयक विशाल आदिवासी महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, हेलीपैड निर्माण, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था और प्रोटोकॉल संबंधी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी। जिले में लगभग एक हजार पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए जाएंगे। राष्ट्रपति के काफिले की सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रपति दौरे के दौरान प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। हेलीपैड, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, फोटोग्राफी और आवागमन सहित सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति का यह दौरा जिले के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा और इसे सफल बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के 18 एवं 19 जून को प्रस्तावित ओंकारेश्वर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई है। 18 जून को वे ओंकारेश्वर जाकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन और पूजा करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 जून को सिकल सेल के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति दो दिवसीय प्रवास के दौरान ओंकारेश्वर बांध परियोजना के विश्रामगृह में ठहरेंगी। उनके आगमन को देखते हुए मार्गों के सुधार और यातायात सुचारु बनाने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।
कोठी हेलीपैड से एनएचडीसी मार्ग तक सड़क मरम्मत जारी है। वहीं दांडी तिराहे से ओंकार प्रसादालय तक लगभग 500 मीटर लंबा मार्ग, जो कई वर्षों से खस्ताहाल था, को अब सीमेंट कांक्रीट सड़क के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से इस मार्ग को पक्का करने की मांग की जा रही थी, लेकिन अब राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों के बीच इस कार्य को गति मिली है।
राष्ट्रपति मुर्मू ग्वालियर एयरपोर्ट से सीधे श्योपुर जाएंगी। कुनो के भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार वे 21 जून को दोपहर 3 बजे के लगभग कुनो नेशनल पार्क पहुंचेगी तथा रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद वे 22 जून को सुबह कुनो भ्रमण करेंगी और फिर 10 बजे यहां से रवानाहो जाएंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर कलेक्टर ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर कलेक्टर शीला दाहिमा की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक का आयोजन किया गया। यहां कलेक्टर ने आदेश दिया कि 20-22 जून तक कराहल-विजयपुर अनुभाग क्षेत्र नो फ्लाइंग जोन रहेगा। बैठक में अधिकारियों को व्यवस्थाओं के संबंध में दायित्व सौंपे गए हैं। वे उन दायित्वों को निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कूनो रेस्टहाउस के आसपास के इलाके में साफ-सफाई कराई जाए और पूरे क्षेत्र को सेनेटाईज किया जाए, अग्निशमन और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाए।
इस बीच मध्यप्रदेश के जबलपुर में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शामिल होने की बात कही जा रही है। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। लगभग दो दशकों के बाद विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह देश के राष्ट्रपति उपस्थिति में आयोजित होगा। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होगी। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशिष्ट अतिथि रूप में मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति भवन की ओर से एष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के विश्वविद्यालय प्रवास के लिए एक घंटे का समय नेधर्धारित किया गया है। इससे पहले वर्ष 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के मुख्य आतिथ्य में विश्वविद्यालय का 21वां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ था। 2दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के 141 छात्र-छात्राओं को कुल 240 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा 182 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी। समारोह में तीन डी.लिट., एक डीएससी तथा एक मानद उपाधि प्रदान किए जाने का भी प्रस्ताव है। मंगलवार को कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा और कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनेवाल की मौजूदगी में विभिन्न समितियों के संयोजकों से तैयारियों की समीक्षा की गई।