भोपाल

19 जून को एमपी आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, बड़वानी में होगा बड़ा कार्यक्रम

President Draupadi Murmu- देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 जून को एमपी का दौरा करेंगी।
less than 1 minute read
Jun 10, 2025
President Draupadi Murmu's big program in Barwani on June 19
President draupadi Murmu- image- patrika.com

President Draupadi Murmu- देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 जून को एमपी का दौरा करेंगी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति का बड़वानी में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। विश्व सिकल सेल दिवस पर बड़वानी जिले की ग्राम पंचायत तालून में यह कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मंत्रियों से चर्चा करते हुए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया। उन्होंने बताया कि केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार के 11 वर्ष और राज्य सरकार के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल पूरे होने पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों के स्थानांतरण अब 17 जून तक किए जा सकेंगे। सीएम ने बताया कि गत 5 जून को उज्जैन में स्पिरिचुअल एंड वैलनेस समिट का आयोजन हुआ, जिसमें वैलनेस हॉस्पिटैलिटी और स्वास्थ्य क्षेत्र में लगभग 2000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल कार्यकाल के 11 वर्ष पूर्ण होने पर मंत्रि-परिषद प्रसन्नता व्यक्त करती है। सुशासन के संकल्प के प्रति मंत्रि-परिषद प्रधानमंत्री का अभिनंदन का प्रस्ताव पारित करती है। उन्होंने बताया कि संकल्प से सिद्धि अभियान में जनप्रतिनिधियों को दायित्व सौंपे जाएंगे।

मंत्रि परिषद को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दौरे की जानकारी दी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रि परिषद को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रदेश के दौरे की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति का आगामी 19 जून को मध्यप्रदेश आगमन प्रस्तावित है। राष्ट्रपति मुर्मु विश्व सिकल सेल दिवस पर बड़वानी के तालून में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी।

Updated on:
10 Jun 2025 09:29 pm
Published on:
10 Jun 2025 09:29 pm