
भोपाल से 20 फीसदी बढ़ा दिया दिल्ली-मुंबई का हवाई किराया - Source Patrika.com
Bhopal to Delhi-Mumbai Airfare- एमपी की राजधानी भोपाल से हवाई सफर फिर महंगा हो गया है। राजा भोज एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई का किराया 20 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है। हाल ही में जेवर एयरपोर्ट के लिए शुरू की गई डायरेक्ट फ़्लाइट सुविधा के प्राइस भी बढ़ा दिए गए हैं। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो एयरलाइंस जैसे ऑपरेटर ने भोपाल के राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालित होने वाली सभी फ़्लाइट की बुकिंग की नई दरों को लागू कर दिया है। जो यात्री पहले टिकट बुक करवा चुके हैं उन्हें फायदा है, जबकि आज की तारीख में प्री बुकिंग करवाने वाले यात्रियों को बीती रात से बढ़ी हुई दर चुकानी होगी।
एविएशन कंपनियों की मनमानी एक बार फिर हवाई यात्रियों को परेशान करेगी। बढ़ती महंगाई और एयर टरबाइन फ़्यूल महंगा होने का तर्क देकर किराए में बढ़ोत्तरी की गई है। इससे हवाई यात्रियों की संख्या घटने की आशंका है। हाल के दिनों में भोपाल से उड़ानों की संख्या भी कम हुई है।
एविएशन सेक्टर के एक्सपर्ट का कहना है कि मानसून सीजन को ऑफ सीजन माना जाता है। इस सीजन में आमतौर पर सस्ते टिकट बेचे जाते हैं, लेकिन विमान कंपनियां गल्फ कंट्री और दूसरे बहाने बनाकर यात्रियों से पूरी वसूली करने के मूड में नजर आ रही हैं।
भोपाल एयरपोर्ट से तीन बड़े ऑपरेटर अपनी फ़्लाइट ऑपरेट कर रहे हैं। आपसी प्रतिस्पर्धा के बावजूद टिकट के दाम में कोई गिरावट नहीं आ रही है।
भोपाल से सर्वाधिक आवाजाही वाले रूट में दिल्ली भी शामिल है। यहां के लिए न्यूनतम किराया 4500 रुपए से ज्यादा है। यही कारण है कि भोपाल एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या भी कम होती जा रही है।
एयरलाइंस कंपनियों ने कुछ एयरपोर्ट से लो फेयर स्कीम शुरू की पर इसमें भी भोपाल को लाभ से वंचित रखा गया। स्कीम में राजा भोज एयरपोर्ट को शामिल नहीं किया गया। हाल ये है कि यात्रियों को प्रतिस्पर्धा वाले किराए में सीटें नहीं मिल पा रही हैं।
शहर- स्पॉट फेयर- प्री-बुकिंग फेयर
दिल्ली 5937 4737
मुंबई 7076 5902
हैदराबाद 13572 6849
बेंगलुरु 9885 6567
अहमदाबाद 10809 5324
पुणे 7879 6514
रायपुर 6619 4939
नोएडा 6619 4939
Updated on:
26 Jul 2026 08:58 am
Published on:
26 Jul 2026 08:30 am
