
भिंड के विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को पुत्र शोक हुआ है। उनके बेटे पुष्पेंद्र सिंह की असमय मौत हो गई। उनका एक 6 साल का मासूम बेटा है। पुष्पेंद्र सिंह कई दिनों से बीमार थे और दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थे। विधायक को पुत्र शोक पर भिंड सहित पूरे एमपी में मातम पसर गया है। आसपास के कई जिलों से उनके परिचित, समर्थक, पार्टी कार्यकर्ता, मित्र और शुभचिंतक भिंड आ चुके हैं। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश के पीडब्लूडी मिनिस्टर राकेश सिंह सहित अनेक नेताओं ने विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को पुत्र शोक पर दुख जताया है।
35 साल के थे पुष्पेंद्र सिंह
पुष्पेंद्र सिंह ने मंगलवार सुबह अंतिम सांस ली। वह 35 साल के थे। पुष्पेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार भिंड में किया जाएगा। इसके लिए शव दिल्ली से लाया जा रहा है।
विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को पुत्र शोक की खबर से भिंड व आसपास के पूरे इलाके में शोक छा गया। उनके निवास पर बड़ी संख्या में बीजेपी नेता कार्यकर्ता, समर्थक, रिश्तेदार और परिजन एकत्रित हो चुके हैं। परिवारिक सदस्यों ने बताया कि पुष्पेंद्र सिंह को लिवर संबंधी गंभीर बीमारी थी। उनकी हालत बेहद खराब हो गई थी और कई दिनों से दिल्ली के इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज में उन्हें वेटिलेटर पर रखा गया था।
बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस दुखद घटना पर शोक जताया उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा:
भिंड से भाजपा विधायक श्री नरेंद्र सिंह कुशवाह जी के सुपुत्र श्री पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह जी के असमय निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।
दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं।
प्रभु पुण्यात्मा को अपने धाम में स्थान दें व इस कठिन परिस्थिति में शोकमय परिजनों का सामर्थ्य बनाएं रखें।
ॐ शांति।
वरिष्ठ भाजपा नेता व प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह ने भी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के पुत्र पुष्पेंद्र सिंह के निधन पर शोक जताया, उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा:
भिंड विधायक श्री नरेंद्र सिंह कुशवाह जी के सुपुत्र श्री पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह जी के असमय निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनायें नरेंद्र जी एवं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति।