
लॉरेंस और हैरी बॉक्सर image patrika
Lawrence Gang : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने वालों का मध्यप्रदेश में भी जबर्दस्त नेटवर्क था। कई रईसों को उसके खास गुर्गे हैरी बॉक्सर की धमकी दी गई थी। हालांकि एमपी में लॉरेंस गैंग अपनी दहशत फैलाने में नाकाम रही, उनकी धमकियों का कोई असर नहीं हो सका। यहां एक के बाद एक कुल 9 बिजनेस मेन को लॉरेंस गैंग ने धमकाया। इसपर एसटीएफ ने कई गुर्गों को पकडकर उनके नेटवर्क की कमर ही तोड़ दी थी। मध्यप्रदेश के पुलिस अधिकारियों ने तब खुलासा किया था कि लॉरेंस गैंग की धमकियां यहां नहीं चल सकीं तो उसके गुर्गे दूसरे राज्यों में भाग गए। एसटीएफ द्वारा एमपी से खदेड़े जाने के बाद ही हैरी बॉक्सर महाराष्ट्र में एक्टिव हो गया था। वहां लॉरेंस के नाम पर धमकी भरी कॉल्स की संख्या अचानक तेजी से बढ़ गई थी।
जनवरी से मार्च तक सामने आए थे 9 मामले
मध्यप्रदेश में इस साल की शुरुआत में लॉरेंस गैंग एकाएक एक्टिव हो गई थी। प्रारंभिक 3 माह में उनके द्वारा रंगदारी मांगने के 9 मामले सामने आए। इसके बाद डीजीपी कैलाश मकवाना ने लॉरेंस गैंग पर अंकुश लगाने के लिए फौरन एसटीएफ गठित कर दी। गैंग से जुड़े बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी। पुलिस की जांच में लॉरेंस गैंग का पूरा नेटवर्क सामने आ गया। इसके तार राजस्थान और यूपी के बदमाशों से जुड़े मिले। मध्यप्रदेश के व्यवसायियों को धमकाने में लॉरेंस के गुर्गे हैरी बॉक्सर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस उसके पीछे पड़ गई। अमेरिका से प्रत्यर्पण की कोशिश तेज कर दी गई।
मध्यप्रदेश पुलिस की इस कवायद का असर भी साफ नजर आया था। राज्य में सक्रिय नेटवर्क के अधिकांश सदस्यों को अरेस्ट कर लेने के बाद लॉरेंस गैंग की धमकियां बंद हो गईं। मजबूरन लॉरेंस गैंग को दूसरे राज्यों में भागना पड़ा।
एमपी के बिजनेस मेन को मिली धमकियों की जांच में बड़ा खुलासा हुआ। सभी केसों में धमकानेवाला एक ही चेहरा बार बार सामने आया। पुलिस को पता चला कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खास गुर्गे हैरी बॉक्सर के नाम का उपयोग करते हुए लोगों को धमकाया जा रहा है। हालांकि धमकियां अलग-अलग जगहों से दी गईं।
एसटीएफ के जांच अधिकारियों ने बताया था कि मध्यप्रदेश से खदेड़े जाने के बाद हैरी बॉक्सर और अन्य गुर्गे महाराष्ट्र में ज्यादा सक्रिय हो गए थे। वहां लॉरेंस के नाम पर धमकी भरे फोन कॉल्स की संख्या तेजी से बढ़ गई थी। तब पुलिस और जांच एजेंसियों ने यह आशंका भी जताई थी कि लॉरेंस गैंग अब दूसरे राज्यों में भी दहशत का कारोबार फैला सकती है। इसमें हैरी बॉक्सर की अहम भूमिका भी सामने आई थी।
Updated on:
20 Oct 2026 01:47 pm
Published on:
20 Oct 2026 01:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
