
Rahul Gandhi Latest News- कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और कार्तिकेय सिंह चौहान के बीच चल रहा मानसानि केस अब खत्म हो सकता है। दोनों पक्षों में समझौते की बात हो गई है। मंगलवार को जबलपुर में हुई सुनवाई में राहुल गांधी के सीनियर अधिवक्ता अजय दुबे ने कोर्ट को बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट (MP MLA COURT) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ समन जारी किया था। समन को रद्द करने के लिए जबलपुर हाईकोर्ट में मंगलवार को सुनवाई थी। जिसमें राहुल गांधी की ओर से कहा गया है कि शिवराज सिंह चौहान के लिए नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के सीएम और उनके बेटे के लिए बयान दिया था। यह भी बताया जा रहा है कि उन्होंने समझौते से संबंधित दस्तावेज भी कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किए और कहा गया कि अब केवल औपचारिकता ही बाकी है। गौरतलब है कि शिवराज सिंह चौहान और विवेक तन्खा के बीच हुए समझौते के बाद एक ऐसा ही केस खत्म हो गया था। राहुल गांधी और कार्तिकेय के मामले में भी आज के घटनाक्रम को देखते हुए इस केस के भी खत्म होने के आसार नजर आने लगे हैं।
इधर, राहुल गांधी की ओर से कहा गया है कि भोपाल की निचली अदालत ने उन्हें 25 जून को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश हैं। इसके लिए अधिवक्ता ने कोर्ट में कहा है कि समझौते की औपचारिकताओं के लिए करीब 10-12 दिन का समय दिया जाए। दोनों ही पक्ष समझौते के लिए आगे बढ़ गए हैं और जल्द ही दस्तावेजों पर साइन हो जाएंगे।
मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की ओर से दावा किया गया है कि जिस कथित बयान को लेकर यह पूरा विवाद शुरू हुआ था, वह हकीकत में शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) और उनके पुत्र कार्तिकेय के संदर्भ में नहीं था।
इससे पहले राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा (vivek tankha) और शिवराज सिंह चौहान का भी एक मामला खत्म हो गया था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। संसद परिसर में दोनों की मुलाकातें हो चुकी हैं और विवाद समाप्त करने का भी फैसला ले चुके हैं। राहुल गांधी और कार्तिकेय के मामले में भी ऐसा ही नजर आ रहा है। जल्द ही दोनों का फैसला खत्म हो सकता है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट से जारी समन को चुनौती देने वाली याचिका पर मंगलवार को मप्र हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान अधिनस्थ न्यायालय का रिकॉर्ड हाईकोर्ट के समक्ष पेश किया गया। राहुल गांधी की ओर से अंतरिम राहत और ट्रायल कोर्ट में व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट दिए जाने की मांग रखी गई। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने अंतरिम राहत सम्बंधी आग्रह पर विचार के लिए प्रकरण बुधवार को पुनः सूचीबद्ध कर दिया।