
Rahul Gandhi on Meenakshi Natarajan nomination:मध्य प्रदेश में मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha Elections) के लिए नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस ने इस नतीजे को कानूनी रूप से चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। मीनाक्षी नटराजन की रिट याचिका पर सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को सुनवाई के लिए सहमत हो गया है लेकिन भोपाल में निर्वाचन अधिकारी ने गुरूवार को भाजपा के तीनों प्रत्याशियों को जीत का प्रमाणपत्र जारी कर दिया है। इसी को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में आए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया से भाजपा और चुनाव आयोग पर जुगलबंदी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा और चुनाव की जुगलबंदी ने सीट चोरी के साथ मुकाबला शुरू होने से पहले ही खत्म कर दिया। बता दें कि, मंगलवार को भाजपा ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर आपत्ति जाहिर की थी कि उन्होंने अपने ऊपर चल रहे एक आपराधिक मामले को नामांकन में छिपाया है। इस आपत्ति पर निर्वाचन अधिकारी (RO) अरविंद शर्मा ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया था।
मुकाबला शुरू होने से पहले ही खत्म कर दिया- राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी में एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि वोट और सरकार चोरी के बाद भाजपा और चुनाव आयोग की जुगलबंदी ने सीट चोरी के साथ मुकाबला शुरू होने से पहले ही खत्म कर दिया है। उन्होने आगे मध्य प्रदेश और झारखंड के राज्यसभा चुनाव का जिक्र कर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मीनाक्षी के हर दस्तावेज ट जमा था और उन पर कोई लंबित मामला भी नहीं था, पर चुनाव आयोग ने उनका नामांकन रद्द कर दिया। वहीं झारखंड में भाजपा समर्थित उम्मीदवार द्वारा फार्म में गलत नाम लिखने के अलावा कई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं दी। इस पर चुनाव आयोग ने उन्हें अपनी गलती ठीक करने के लिए समय दे दिया। नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 'आगे और भी ऐसा देखने को मिलेगा क्योंकि भाजपा के लिए चुनाव फिक्स करना जीतने से ज्यादा आसान है। '
कल सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई
मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन (Meenakshi Natarajan) के नामांकन का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। गुरूवार सुबह जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस एएस चंद्रूकर की बेंच के समक्ष मामले को सूचीबद्ध किया गया। मीनाक्षी नटराजन की तरफ से वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी कोर्ट ने आज मध्य प्रदेश राज्यसभा की तीन सीटों पर आने वाले परिणामों पर स्टे की मांग की जिसे कोर्ट ने यह कहते हुए खारिज कर दिया कि- कोर्ट चुनाव प्रक्रिया में दखल नहीं देगा। इस मांग का खारिज होना मीनाक्षी नटराजन और कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। सुप्रीम कोर्ट ने 12 जून यानी कल सुनवाई की तारीख तय की है।