भोपाल

कांग्रेस के किन नेताओं को लोकसभा, विधानसभा चुनावों की टिकट देंगे राहुल गांधी! सामने आया बड़ा बयान

Rahul Gandhi statement- कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को भोपाल आए। उन्होंने यहां मध्यप्रदेश कांग्रेस के लिए संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की।
2 min read
Jun 03, 2025
Congress party has kept strict criteria for new officers who will be powerful
rahul gandhi (image-source-X)

Rahul Gandhi statement- कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को भोपाल आए। उन्होंने यहां मध्यप्रदेश कांग्रेस के लिए संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की। प्रदेश में 2028 के विधानसभा चुनावों में जीत के लिए पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से ये अभियान शुरु किया गया है। भोपाल दौरे में राहुल गांधी ने तीन अहम बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश में संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाने की जरूरत जताई और नेताओं को गुटबाजी खत्म कर एकजुट होकर काम करने के लिए कड़ा संदेश दिया। खास बात यह है कि राहुल गांधी ने यह कहकर जमीनी कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया कि अब ब्लॉक अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष का जिम्मा नई पीढ़ी को सौंपा जाएगा। इसके साथ ही पार्टी में लोकसभा और विधानसभा चुनावों की टिकट वितरण पर भी उनका बड़ा बयान सामने आया है। राहुल गांधी ने कहा है इस मुद्दे पर भी संगठन की ही सुनी जाएगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने सुबह भोपाल एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत किया। यहां से वे सीधे पीसीसी कार्यालय रवाना हुए लेकिन उत्साहित कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की गाड़ी रोक ली। धक्कामुक्की होने लगी और कई नेता सड़क पर गिर पड़े।

पीसीसी कार्यालय में राहुल गांधी ने पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी और इसके बाद प्रदेश के कांग्रेस विधायकों की बैठक ली। यहां से राहुल गांधी होटल ताज पहुंचे जहां करीब एक घंटा रुकने के बाद उन्होंने रवींद्र भवन जाकर प्रदेशभर के कांग्रेस जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों सहित तमाम पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

ब्लॉक अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष युवाओं को बनाएंगे

बैठक के बाद बाहर निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अलग ही आत्मविश्वास नजर आया। दरअसल यहां राहुल गांधी ने कांग्रेस के आम कार्यकर्ताओं के मन की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी में अब नई पीढ़ी को आगे बढ़ाएंगे। ब्लॉक अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष युवाओं को बनाएंगे और ये पद अब पावरफुल होंगे।

संगठन के निर्देश पर ही विधायक और सांसद का चुनाव लड़ाया जाएगा

इतना ही नहीं, राहुल गांधी ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी की टिकट देने के मामले में भी अपना रुख साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष जिसके बारे में कहेंगे, उसे टिकट दी जाएगी। अब संगठन के निर्देश पर ही विधायक और सांसद का चुनाव लड़ाया जाएगा।