
Rahul Gandhi's big statement (image-source-X)
MP Congress- एमपी में कांग्रेस को नवजीवन देने के लिए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज भोपाल आए हैं और एक के बाद एक कई बैठकें ले रहे हैं। भोपाल एयरपोर्ट से सीधे पीसीसी कार्यालय आकर उन्होंने पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक ली। इसके बाद राहुल गांधी मध्यप्रदेश के सभी कांग्रेस विधायकों से रूबरू हुए। विधायकों की बैठक में दिलचस्प वाकया हुआ। एक विधायक ने साफ कह दिया कि मध्यप्रदेश में अभी एक भी ऐसा नेता नहीं है जो कांग्रेस को चुनाव जिता सके। इसपर राहुल गांधी ने गंभीरता दिखाते हुए प्रदेश नेतृत्व पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे एक नहीं अनेक नेता हैं जो पार्टी को चुनावी जीत दिला सकते हैं।
राहुल गांधी के दौरे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश जगा दिया है। एयरपोर्ट से पीसीसी कार्यालय तक कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ नजर आया। कई कांग्रेसियों ने राहुल गांधी की कार को ही रोक लिया। धक्कामुक्की करते कार्यकर्ताओं को पुलिसकर्मी बमुश्किल हटा पाए।
पीसीसी कार्यालय में लगातार बैठकें लेने के बाद राहुल गांधी होटल ताज पहुंच गए। वे यहां करीब एक घंटा रहे।
इसके बाद प्रदेशभर के कांग्रेस जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों को संबोधित करने रवीन्द्र भवन गए।
इससे पहले पीसीसी कार्यालय में विधायकों की बैठक हुई जिसमें प्रदेशभर के कांग्रेस विधायक शामिल हुए। राहुल गांधी ने विधायकों से भी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने को कहा। इसके लिए तैयार की गई पार्टी लाइन पर अमल करने की भी बात कही गई।
विधायकों की बैठक में प्रदेश नेतृत्व पर भी सवाल उठे। सेमरिया के विधायक अभय मिश्रा इस मुद्दे पर मुखर हो गए। उन्होंने साफ कह दिया कि मध्यप्रदेश में अभी एक भी ऐसा नेता नहीं दिख रहा है जोकि कांग्रेस को चुनाव जिता सके! हालांकि सेमरिया विधायक अभय मिश्रा की इस बात को राहुल गांधी ने नकार दिया। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व पर भरोसा जताया।
राहलु गांधी ने विधायक अभय मिश्रा से कहा कि प्रदेश में ऐसे अनेक नेता हैं। उन्होंने कहा कि आपको भले ही नजर नहीं आ रहे लेकिन मुझे ऐसे 10 नेता दिखाई देते हैं जो प्रदेश में सरकार बनाने का माद्दा रखते हैं। उनमें नेतृत्व करने की पूर्ण क्षमता नजर आती है।
Updated on:
3 Jun 2025, 4:03 PM IST
Published on:
3 Jun 2025, 3:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.