
NEET UG - राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट NEET UG Re Exam के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। राजधानी भोपाल में जबर्दस्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रश्न-पत्र आ गए हैं। भारतीय वायुसेना के दो विशेष विमानों से आए पेपर्स को बैंक लॉकर में कड़ी सुरक्षा के बीच रख दिया गया है। नीट में शामिल हो रहे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर किसी भी हाल में तनाव नहीं देने के निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं। नीट परीक्षा के चलते रेलवे ने विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय भी लिया है। 17 कोचों वाली ट्रिप स्पेशल ट्रेन स्टूडेंट को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी।
रेलवे ने भोपाल, इंदौर और रतलाम के बीच एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह विशेष ट्रेन 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए विभिन्न शहरों से भोपाल आने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद करेगी।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया, परीक्षार्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। इससे अन्य यात्रियों की दिक्कतें भी कम होंगी।
इंदौर-भोपाल- रतलाम स्पेशल गाड़ी संख्या 09354 20 जून को इंदौर से सुबह 11:25 बजे निकलकर फतेहाबाद, बडनग़र, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और संत हिरदाराम नगर स्टेशन से होते हुए शाम 7 बजे भोपाल पहुंचेगी।
इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 09353 20 जून को भोपाल से शाम 19:40 बजे प्रस्थान कर संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन, नागदा होते हुए रात 12.55 बजे रतलाम पहुंचेगी।
नीट रीएक्जाम के प्रश्न-पत्र बैंक लॉकर में सुरक्षित रखे गए हैं। बताया जा रहा है कि हर पेपर सेट को विशेष कोड से ट्रैक किया गया है। गोपनीयता ऐसी है कि पेपर वितरण की जानकारी अंतिम समय तक किसी को नहीं होगी, सुबह ही यह बात बताई जाएगी। इतना ही नहीं, नीट के पेपर कमांडो और पुलिस सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक गेजेट के इस्तेमाल पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। ओएमआर शीट भी इसी प्रकार की सुरक्षा में भेजी जाएंगी।
नीट री एक्जाम में सुरक्षा पर सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है। भोपाल जिले में इस बार नीट के लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। खास बात यह है कि कमांडो, विशेष सुपरिटेंडेंट और पुलिस सुरक्षा के बीच प्रश्न-पत्र इन केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। किस परीक्षा केंद्र के लिए पेपर किस स्थान से जारी होंगे, इसकी जानकारी 21 जून की सुबह ही केंद्राध्यक्षों को मिलेगी।