भोपाल

नरोत्तम मिश्रा, जयभान सिंह पवैया, लाल सिंह आर्य या फिर विनोद गोटिया, ये जाएंगे राज्यसभा में?

Rajya Sabha Election 2024- भाजपा चुनाव प्रबंध समिति की बैठक में लोकसभा के लिए रिपोर्ट भी तैयार, राज्यसभा का दिल्ली में फैसला

2 min read
Feb 08, 2024

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर प्रारंभिक तौर पर चेहरे तय कर दिए हैं। अभी तक जो नाम सामने आए हैं, उनमें जयभान सिंह पवैया, लाल सिंह आर्य, नरोत्तम मिश्रा और विनोद गोटिया के नाम हैं। वहीं एक नाम मौजूदा राज्यसभा सांसदों में से दोबारा भेजा जा सकता है। हालांकि अंतिम फैसला दिल्ली में हो होगा। राज्यसभा के चुनाव 27 फरवरी को होने वाले हैं।

प्रदेश में लोकसभा और राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा की कदमताल और बढ़ गई है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इसमें लोकसभा चुनाव के लिए क्लस्टर प्रभारियों ने अपनी रिपोर्ट जमा की। हर सीट पर आधा दर्जन से ज्यादा नाम आने के बाद उनकी स्क्रूटनी की गई। राज्यसभा के लिए संगठनात्मक स्तर पर प्रारंभिक तौर पर चेहरे तय कर दिए गए हैं। अब दिल्ली के स्तर पर ही फैसला होगा। इस बैठक में चुनाव प्रभारी महेंद्र सिंह, सतीश उपाध्याय, सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व सीएम शिवराज सिंह व अन्य मौजूद रहे।

बैठक में यह रहा खास

राज्यसभा की चार सीटों पर दावेदार चुने जाने हैं। अभी जयभान सिंह पवैया, लाल सिंह आर्य, नरोत्तम मिश्रा और विनोद गोटिया का नाम आया है। वहीं एक नाम मौजूदा राज्यसभा सांसदों में से रिपीट हो सकता है। हालांकि यह फैसला दिल्ली में होगा।

राज्यसभा के लिए 8 फरवरी को चुनाव का नोटिफिकेशन जारी होगा और नामांकन 15 फरवरी तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन की जांच 16 फरवरी को होगी। 20 फरवरी तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव 27 फरवरी को होंगे। इसके बाद जो उम्मीदवार राज्यसभा में चुनकर जाएंगे उनका कार्यकाल 6 साल का होगा।

कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल

लोकसभा व राज्यसभा चुनाव के पूर्व कांग्रेस को जबलपुर से झटका लगा। प्रदेश भाजपा कार्यालय में सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए। कांग्रेस का दामन छोडऩे वालों में डिंडोरी जिपं अध्यक्ष रूदेश परस्ते, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र बिहारी शुक्ला, सिंगरौली जिपं उपाध्यक्ष अर्चना सिंह सहित 50 से अधिक नेताओं ने सदस्यता ग्रहण की।

राघौगढ़ से शुरू होगा भाजपा का अभियान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा 8 फरवरी को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के क्षेत्र राघौगढ़ से 'गांव चलो अभियान' का शुभारभ करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष राघौगढ़ के ग्राम आवन के बूथ क्रमांक 94, 95, 96 से अभियान की शुरुआत करेंगे और रात्रि विश्राम भी गांव में ही करेंगे। इसमें पार्टी के शीर्ष नेता कांग्रेस के मजबूत क्षेत्रों में 'गांव चलो अभियान' के तहत 24 घंटे तक संपर्क एवं संवाद कर पार्टी को मजबूत करेंगे।

इन नेताओं का कार्यकाल समाप्त होगा

मध्यप्रदेश से राज्यसभा में गए सांसद धर्मेंद्र प्रधान केंद्र की मोदी सरकार में शिक्षा मंत्री हैं। उनका कार्यकाल भी समाप्त होने वाला है। भाजपा के कैलाश सोनी, अजय प्रताप सिंह, थावरचंद गहलोत, धर्मेंद्र प्रधान का कार्यकाल 2 अप्रैल 2024 को खत्म हो रहा है। इनके अलावा कांग्रेस के राजमणि पटेल का कार्यकाल 2 अप्रैल 2024 को खत्म हो रहा है। थावरचंद गहलोत राज्यपाल बनाए गए थे, उसके बाद से यह पद खाली है।

Updated on:
08 Feb 2024 09:33 am
Published on:
08 Feb 2024 09:10 am
Also Read
View All