भोपाल

1425 किमी का सफर महज 4 घंटे में, भोपाल से शुरु होगी कोलकाता की फ़्लाइट

Kolkata Bhopal Flight : पांच साल के इंतजार के बाद मिली सुविधा, भोपाल-कोलकाता वाया रीवा के लिए हवाई सेवा कल से
2 min read
Aug 08, 2026
भोपाल से फ़्लाइट से महज 4 घंटों में पहुंचेंगे कोलकाता
भोपाल से फ़्लाइट से महज 4 घंटों में पहुंचेंगे कोलकाता (फाइल फोटो)

Bhopal Flight - भोपाल के राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। हाल ही में मुंबई के लिए एक और दिल्ली के लिए दो डायरेक्ट फ़्लाइट शुरू की गई हैं। अब भोपाल एयरपोर्ट से दो दिन के अंदर नई फ़्लाइट की शुरुआत हो रही है। पांच साल के लंबे इंतजार के बाद भोपाल के लोग वाया रीवा होकर कोलकाता की यात्रा कर सकेंगे। इसके अलावा पटना के लिए भी भोपाल से डायरेक्ट फ़्लाइट सेवा उपलब्ध करवाई जा रही है।

भोपाल से रीवा और कोलकाता के लिए 9 अगस्त से अलायंस एविएशन की फ़्लाइट सेवा शुरु होने जा रही है। इसके सभी टिकट बुक हो चुके हैं। भोपाल से रीवा का किराया 3800 रुपए और कोलकाता का किराया 8654 रुपए ऑनलाइन दिखाया जा रहा है। इसमें समय के साथ घट बढ़ संभव है।

इसी के साथ पटना के लिए 10 अगस्त से भोपाल से सीधी फ़्लाइट शुरू होगी। सप्ताह में तीन दिन (रविवार, सोमवार, बुधवार) को एटीआर-72 विमान संचालित होगा। टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। किराया 4 हजार रुपए से 10 हजार रुपए के बीच रहेगा।

भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से हाल ही में इंडिगो एयरलाइंस ने नई फ़्लाइट चालू की हैं। कंपनी ने मुंबई के लिए एक और दिल्ली के लिए दो डायरेक्ट फ़्लाइट शुरू की हैं। नई फ़्लाइट शुरू होने के बाद राजा भोज एयरपोर्ट भोपाल से प्रतिदिन ऑपरेशनल विमान की संख्या 20 हो जाएगी। दोनों दिशाओं में 40 विमान की आवाजाही दर्ज की जाएगी।

भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट के डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी ने कुछ और फ़्लाइट प्रारंभ होने की उम्मीद जाहिर की है। उन्होंने बताया कि मानसून सीजन में कुछ और शहरों के लिए कनेक्टिविटी शुरू हो सकती है।

एलायंस एयर ने कोलकाता फ़्लाइट का टाइम ​टेबिल जारी कर दिया

एलायंस एयर ने कोलकाता फ़्लाइट का टाइम ​टेबिल जारी कर दिया है। फ़्लाइट नंबर 91-733 कोलकाता से उड़ान भरकर दोपहर 1:15 बजे पटना पहुंचेगी। यहां से दोपहर 1:45 बजे भोपाल के लिए रवाना होगी। फ़्लाइट शाम 4:15 बजे भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर पहुंचेगी।

समय सारणी के अनुसार वापसी में फ़्लाइट नंबर 91-734 भोपाल एयरपोर्ट से शाम 5:05 बजे उड़ान भरेगी और शाम 7:35 बजे पटना पहुंचेगी। यहां से रात 8:00 बजे रवाना होकर रात 9:00 बजे कोलकाता पहुंचेगी।

अधिकारियों के अनुसार पटना फ़्लाइट के लिए यात्रियों में खासा उत्साह

भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार पटना फ़्लाइट के लिए यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है। पटना से भोपाल का फ़्लाइट का किराया 4622 रुपए है जबकि वापसी में भोपाल से पटना का किराया 4483 रुपए रखा गया है।

Updated on:
08 Aug 2026 10:45 am
Published on:
08 Aug 2026 10:44 am