भोपाल

एमपी पुलिस में 7500 पदों पर बंपर भर्ती, कांस्टेबल- ड्राइवर और सब इंस्पेक्टर बन सकेंगे युवा

Recruitment In MP Police : मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने पुलिस की विभिन्न इकाइयों में सीधी भर्ती के लिए प्रशासकीय स्वीकृति के लिए आदेश जारी किए
2 min read
Aug 31, 2026
recruitment for 7500 constable posts in mp police
एमपी पुलिस में कांस्टेबल के 7500 पदों पर भर्ती - फोटो सोर्स : AI Grok

MP Police : मध्यप्रदेश पुलिस में बंपर भर्तियां की जा रहीं हैं। सीएम मोहन यादव के निर्देश पर इसके लिए कवायद तेज कर दी गई है। MP Police में भर्तियों के लिए राज्य के पुलिस मुख्यालय PHQ ने कर्मचारी चयन मंडल ESB को प्रस्ताव भेज दिया है। प्रस्ताव में कांस्टेबल, ड्राइवर, सब इंस्पेक्टर और सूबेदार के लिए नियुक्तियों की बात कही गई है। इनके खाली पदों को भरा जाएगा जिसके लिए कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अगले माह यानि सितंबर में ही विज्ञापन जारी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, MP Police को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने की मंशा जाहिर कर चुके हैं। इसके लिए सभी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। सीएम मोहन यादव ने राज्य में पुलिस के 18 हजार पद भरे जाने का भी ऐलान किया है। वर्तमान में कुल 9662 पदों पर नियुक्तियां स्वीकृत की गई हैं। इनके अलावा भी कई पदों के लिए आदेश शीघ्र जारी करने की बात कही है।

सीएम मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने की दिशा में गत वर्ष 8500 पदों की स्वीकृति दी गई। महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों की स्वीकृति इस वर्ष भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा है कि प्रदेश से नक्सलवाद के खात्मे के बाद पुलिस की रचनात्मक भूमिका पर ध्यान दे रहे हैं। उन्हें विकास के कार्यों में भी सहभागी बनाएंगे।

मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने पुलिस की विभिन्न इकाइयों में नियुक्तियों की पहल की है। इसके अंतर्गत तृतीय श्रेणी के पदों पर सीधी भर्ती के अराजपत्रित सूबेदार (अ) शीघ्र लेखक के 135 पद और सहायक उपनिरीक्षक (अ) के 520 पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रशासकीय स्वीकृति के लिए आदेश जारी किए।

7500 कांस्टेबल बनाएंगे

राज्य शासन की ओर से पुलिस में कांस्टेबल- ड्राइवर, सब इंस्पेक्टरों की नियुक्तियों पर जोर दिया जा रहा है। सर्वाधिक पद तृतीय श्रेणी के सीधी भर्ती के कांस्टेबल की नियुक्ति के लिए स्वीकृत किए गए हैं। 7500 पदों को स्वीकृत कर आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस विभाग में ड्राइवरों की भर्ती के लिए भी गृह विभाग ने एक अन्य आदेश जारी किया। इसमें तृतीय श्रेणी के सीधी भर्ती के आरक्षक (ड्राइवरों) के 1000 पदों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

सूबेदार, सब इंस्पेक्टर की भी भर्ती

प्रदेश में अराजपत्रित सूबेदार के 81 पद, उपनिरीक्षक (जिला पुलिस बल) के 312 पद, उपनिरीक्षक (विसबल) के 69 पद, उपनिरीक्षक (क्यूडी) के 04 पद, उपनिरीक्षक (अंगुल चिन्ह) के 22 पद, उपनिरीक्षक (आयुध) के 10 पद, उपनिरीक्षक फोटो के 9 पद पर नियुक्ति होगी। इस प्रकार एक अन्य आदेश में कुल 507 पदों पर सीधी भर्ती के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है।

कर्मचारी चयन मंडल द्वारा सितंबर माह में पुलिस विभाग में भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किए जाने की संभावना है। ऐसे में प्रदेश के बेरोजगारों और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका सामने आ सकता है।

Updated on:
31 Aug 2026 11:02 am
Published on:
31 Aug 2026 11:02 am