Bhopal- राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र बगरोदा में अब 24 घंटे बिजली मिलेगी, ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी में वृद्धि
Bhopal- एमपी की राजधानी भोपाल में बिजली की एक आम समस्या से छुटकारा मिल गया है। राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र बगरोदा में अब 24 घंटे बिजली मिलेगी। इसके लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी एमपी ट्रांसको ने एक अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर चालू कर दिया है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि भोपाल की औद्योगिक इकाइयों को विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार काम चल रहा है। इसके अंतर्गत एमपी ट्रांसको ने 132 केव्ही सबस्टेशन बगरोदा भोपाल में एक अतिरिक्त 50 एमव्हीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उर्जीकृत किया है। इससे जहां बगरोदा इलाके की औद्योगिक इकाइयों के लिए एक अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर की व्यवस्था हो गई है, वहीं अब दो ट्रांसफार्मर होने से मेटेनेंस के लिए शटडाउन लेने जैसी समस्या से भी निजात मिली है।
एमपी ट्रांसको भोपाल के अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रदीप राघव ने बताया कि बगरोदा में दूसरे पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना से औद्योगिक केंद्र विकास निगम रामाखेड़ी, उमरावगंज, सोलर इनर्जी, दुर्गास्टील 33 केव्ही फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को लाभ होगा। अब उन्हें बेहतर गुणवत्तापूर्ण बिजली उचित वोल्टेज पर प्राप्त हो जाएगी। इस क्षमता वृद्धि से बगरोदा सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 90 एमव्हीए की हो गई है।
भोपाल जिले में एमपी ट्रांसको अपने कुल 18 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है। एमपी ट्रांसको भोपाल के अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रदीप राघव के अनुसार इसमें 400 केव्ही का एक, 220 केव्ही के 4 और 132 केव्ही के 13 सब स्टेशन शामिल हैं। इनकी कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता बढ़कर अब 4603 एमव्हीए की हो गई है।