
Saurabh Sharma Case Update: परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा और उसके दोनों राजदार चेतन और शरद जायसवाल से अब आयकर पूछताछ करेगी। आयकर (IT Team) ने लोकायुक्त की स्पेशल कोर्ट में गुरुवार को उनसे जेल में पूछताछ के लिए अर्जी लगाई। कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया, अब शुक्रवार को इस पर सुनवाई होगी। इससे पहले लोकायुक्त और ईडी की टीम पूछताछ कर चुकी है।
सौरभ मामले में आयकर की पूछताछ इसलिए सबसे महत्वपूर्ण है क्योंकि 52 किलो सोना (52 Kilo Gold) और 11 करोड़ कैश (11 Crore Cash) से लदी कार आयकर की टीम ने ही पकड़ी थी। उसी गाड़ी से एक डायरी भी आयकर विभाग के हाथ लगी थी। इसमें काली कमाई के कच्चे चिट्ठे के साथ कई रसूखदारों के नाम भी लिखे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आयकर पूछताछ के बाद सौरभ प्रकरण से जुड़ी कई कड़ियां खुल सकती हैं।
सौरभ के वकील ने ईडी और लोकायुक्त दोनों कोर्ट में जमानत याचिका लगाई थी। ईडी की कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा, गुरुवार को इसे खारिज कर दिया। लोकायुक्त कोर्ट में जिरह शुरू हुई। इसमें सौरभ के वकील बार-बार एक ही दलील देते रहे कि उसकी आपराधिक पृष्टभूमि नहीं है न पकड़ी गाड़ी से लेना देना है। जांच एजेंसियों को सहयोग कर रहे हैं, जमानत मिलनी चाहिए। कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी।