
MP Rain Alert : मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम के लिहाज से अगले 48 घंटे भारी पड़ सकते हैं। विशेषकर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों के निवासियों को सावधान रहना होगा। यहां के जबलपुर और रीवा संभागों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सागर और शहडोल संभागों के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना है। शनिवार को प्रदेश के कुल 18 जिलों में अति भारी बारिश या भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD (मौसम केंद्र) की चेतावनी के बाद प्रदेश के 2 जिलों सतना और मैहर में आज स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक जबलपुर-रीवा में तेज बारिश हो सकती है। इनके अलावा छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और सतना जिलों में बारिश का मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भिंड, दतिया,दमोह, डिंडौरी, कटनी, मैहर, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, जबलपुर, मंडला और शहडोल में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना है।
प्रदेश के कई जिलों में बारिश जारी है। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती सिस्टम कमजोर पडऩे से कई राज्यों समेत मध्यप्रदेश में भी बारिश का दौर चल रहा है। चक्रवाती हवाओं के कारण मानसून की वापसी भी तीन दिन से आगे नहीं बढ़ी है। उत्तराखंड, यूपी, छत्तीसगढ़ के साथ एमपी में मानसून फिर सक्रिय हो गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मौसम के तेवर नित बदल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात सुस्त होने से एमपी के कई जिलों में जहां बारिश हो रही है वहीं बाकी जगहों पर धीरे धीरे गर्मी जोर पकड़ रही है। प्रदेश के कई जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट है। इसके बाद 2 जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। प्रदेश के सतना और मैहर में आज स्कूल बंद रहेंगे।
सतना जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार शनिवार को तेज बारिश की आशंका को देखते हुए जिलेभर में नर्सरी से 8वीं क्लास तक के स्कूल बंद रहेंगे। इधर मूसलाधार बारिश की चेतावनी के कारण मैहर में नर्सरी से 12वीं क्लास तक के सभी स्कूलों का अवकाश घोषित किया गया है।