शहर में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। कई जगहों पर तो लगभग तैयारियां पूरी भी हो चुकी है। शिव बारात के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।
भोपाल। शहर में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। कई जगहों पर तो लगभग तैयारियां पूरी भी हो चुकी है। शिव बारात के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। भगवान भोलनाथ की शादी में बाराती बनने के लिए शहरवासी भी उत्सुक हैं। शहर में महाशिवरात्रि के मौके पर 20 से अधिक स्थानों से भगवान शिव की आकर्षक बारात निकाली जाएगी। इसके साथ ही कॉलोनियों में बने मंदिरों से भी बारात निकलेगी। महाशिवरात्रि का पर्व शहर के अधिकांश मंदिरों में 14 फरवरी को मनाया जाएगा। कुछ मंदिरों में यह पर्व 13 फरवरी को भी मनेगा। इसलिए शहर में दो लोग भक्तिभाव में डूबे रहेंगे। भोलेनाथ की बारात में भूत, पिशाच, गण और विभिन्न देवी-देवताओं के वेष में श्रद्धालु नजर आएंगे। ढोल, ढमाके और डीजे पर स्वरलहरियां गूंजेगी। जगह-जगह अखाड़ों के कलाकार भी करतब दिखाएंगे।
श्रद्धलुओं ने बनाए सैकड़ों पार्थिव शिवलिंग
पिपलेश्वर महादेव मंदिर में भ? शिवरात्रि ि महोत्सव की तैयारी चल रही है। यहां 14 फरवरी को शिवरात्रि मनाई जाएगी। इसके पहले यहां पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया जा रहा है। शनिवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे और पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया। इस मौके पर महिला मंडल द्वारा नवाहरण मानस पाठ किया गया। मंदिर के मयूर उपाध्याय ने बताया कि भोपाल में पिपलेश्वर मंदिर में बाण शिवलिंग विराजमान है और लगभग 20 सालों से यहां महाशिवरात्रि को नवरात्रि उत्सव के रूप में मनाया जाता है।
कई मंदिरों से निकलेगी शिव बारात
महाशिवरात्रि पर शहर में कई मंदिरों से शिव बारात निकाली जाएगी। पिपलेश्वर मंदिर नेहरू नगर, सिद्धेश्वर मंदिर नेहरू नगर, दुर्गाधाम मंदिर अशोक विहार, शिव मंदिर सहित अनेक मंदिरों से शिव बारात निकलेगी।
बन्ना बन्नी गीत के साथ आज लगेगी वटेश्वर को हल्दी-मेंहदी
शहर के प्राचीन बड़वाले महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि 13 फरवरी को मनाई जाएगी। यहां रविवार रात को परम्परानुसार बड़वाले महादेव मंदिर में भगवान वटेश्वर को और मां भवानी मंदिर सोमवारा में मां भवानी को हल्दी और मेंहदी लगाई जाएगी। महिलाओं द्वारा बन्ना बन्नी गीतों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। बड़वाले महादेव मंदिर के संयोजक संजय अग्रवाल ने बताया कि शनिवार से मंदिर में अखंड पाठ की शुरुआत हुई है। जिसका समापन रविवार को दोपहर में होगा। शाम को पहले बाबा वटेश्वर को मेहंदी लगाई जाएगी। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भवानी मंदिर सोमवारा पहुंचेंगे। इस मौके पर बन्ना बन्नी गीत भी होंगे।