भोपाल

Bhopal BJP Meeting : सत्ता गई तो किसी को कुछ नहीं मिलेगा, बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री की दो टूक चेतावनी

Bhopal BJP Meeting : भाजपा के मोर्चों-प्रकोष्ठों को बैठक में मिली दोहरी जिम्मेदारी, योजनाओं का प्रचार नहीं बल्कि जनता से सुझाव भी पहुंचाएं सरकार तक: शिवप्रकाश
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 8:39 AM IST
शिवप्रकाश ने बीजेपी नेताओं को दिया स्पष्ट संदेश
शिवप्रकाश ने बीजेपी नेताओं को दिया स्पष्ट संदेश image X @BJP4MP

मध्यप्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं को दो टूक संदेश दिया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने गुरुवार को कहा कि सरकार है तो सबकुछ है, शासन गया तो खाली हाथ रह जाएंगे। उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ, आईटी व सोशल मीडिया टीम समेत निगम, मंडल व प्राधिकरणों के अध्यक्षों के साथ बैठक में यह बात कही। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा, मोर्चा और प्रकोष्ठ केवल योजनाओं का प्रचार करने तक सीमित न रहें, बल्कि समाज की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर सरकार तक सुझाव भी पहुंचाएं।

भाजपा ने मोर्चा और प्रकोष्ठों को संगठन विस्तार के साथ सरकार और समाज के बीच संवाद का मजबूत माध्यम बनाने की तैयारी की है। गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों तथा प्रकोष्ठों के संयोजकों की बैठक लेकर संगठन विस्तार पर चर्चा की।

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि संगठन की प्रभावशीलता कार्यक्रमों की संख्या से नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता, तैयारी और परिणामों से तय होगी। उन्होंने कहा कि सरकार रहेगी तो लाभ मिलेगा, शासन गया तो किसी को कुछ प्राप्त नहीं होगा।

शिवप्रकाश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चुनाव में अब काफी कम वक्त बचा है। उन्होंने पिछले चुनाव में हारी सीटों पर ज्यादा काम करने की जरूरत जताई।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बैठक में कहा कि संगठन की मजबूती बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर लोगों की समस्याएं और अपेक्षाएं समझें तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में भूमिका निभाएं।

सेवा दूत अभियान

प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने मोर्चों और प्रकोष्ठों को प्रदेश से बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने, नियमित बैठकें, प्रवास और प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 1 से 25 दिसंबर तक प्रस्तावित सेवा दूत अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बाद में बताया कि राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की उपस्थिति में हमारे संगठन के विभिन्न श्रेणियों की दो दिवसीय समीक्षात्मक बैठक संपन्न हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री मोहन यादव
का सानिध्य भी प्राप्त हुआ।

बीजेपी ने "दीपावली मिलन समारोह" भी आयोजित किया। इसमें प्रदेश भर से आए भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भेंट कर संवाद किया।

Updated on:
20 Nov 2026, 8:39 AM IST
Published on: