
Datia By Election - दतिया उपचुनाव में प्रचार चरम पर पहुंच गया है। दोनों दलों बीजेपी और कांग्रेस ने अपने सभी प्रमुख नेताओं को इसमें झोंक दिया है। दतिया में आज कई बड़ी आमसभाएं होंगी। बीजेपी की ओर से जहां केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रचार की कमान संभालेंगे वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मैदान पर उतर रहे हैं। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) में रोचक और कठिन मुकाबला है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज दोपहर 3 बजे बसई में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने भी अपना अभियान तेज करते हुए प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ ही दिग्विजय सिंह को भी प्रचार में उतार दिया है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 26 जुलाई को दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 3 बजे बसई पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। शिवराज सिंह चौहान केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों से आमजन को अवगत कराएंगे। उपचुनाव को लेकर वे पार्टी की रणनीति पर कार्यकर्ताओं से भी बात करेंगे।
भाजपा संगठन ने केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनसभा की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी आज दतिया में ही रहकर चुनाव प्रचार करेंगे। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और बीजेपी एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य भी बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करेंगे।
कांग्रेस भी बीजेपी का पूरी ताकत से मुकाबला कर रही है। दतिया सीट बरकरार रखने के लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को प्रचार में उतार दिया है। वे आज दतिया में पार्टी प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में गांव गांव जाएंगे। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी भी दतिया में ही हैं। वे लगातार जनसंपर्क और चुनावी सभाएं संबोधित कर रहे हैं। पीसीसी चीफ के अलावा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी दतिया प्रवास पर हैं। इस प्रकार कांग्रेस ने अपने सभी प्रमुख नेताओं को प्रचार में झोंक दिया है।