
Smart Industrial Park Bhopal :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को एक और औद्योगिक क्षेत्र की सौगात मिलने जा रही है। शहर के कोलार इलाके के अंतर्गत आने वाले मुखर्जी नगर सतगढ़ी में इंडस्ट्रियल पार्क का निर्माण होने जा रहा है। जिसकी आधारशिला आज सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रखेंगे। भूमिपूजन कार्यक्रम सुबह 10 बजे होगा।
इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क की ये परियोजना डॉ. मुखर्जी की जयंती के अवसर शुरू की जा रही है, जिससे पूरे भोपाल के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। पार्क में गारमेंट और आइटी कंपनियों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां एक अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर की भी नींव रखी जाएगी।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम प्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। कार्यक्रम में देश और प्रदेश के लगभग 200 से अधिक प्रमुख उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
माना जा रहा है कि, करीब 173 एकड़ इलाके में बनने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क भोपाल के साथ - साथ आसपास के इलाकों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार का नया आधार बनकर उभरेगा। परियोजना में आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, उत्कृष्ट सड़क एवं परिवहन संपर्क, आईटी एवं एआई आधारित सुविधाएं, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स और भविष्य की औद्योगिक जरूरतों के हिसाब से स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होगा, जिससे निवेशकों को विश्वस्तरीय औद्योगिक वातावरण मिल सकेगा।
ये परियोजना 'वर्क-लिव-ग्रो' मॉडल पर आधारित होगी, जहां उद्योगों के साथ कौशल विकास, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण जीवन के लिए जरूरी सुविधाओं का समन्वित विकास होगा। पार्क में उच्च मूल्य विनिर्माण, गारमेंट, टॉयज, आईटी, एआई, लॉजिस्टिक्स तथा उभरती तकनीकों से जुड़े उद्योगों को स्थापित करने की परिकल्पना की गई है। इससे राजधानी में विविध औद्योगिक क्षेत्रों का संतुलित विकास होगा और नए निवेश के अवसर बढ़ेंगे।
परियोजना की एक विशेष उपलब्धि यहां विकसित किया जाने वाला विश्वस्तरीय कन्वेंशन और एग्जिबिशन सेंटर होगा। करीब 25 एकड़ में प्रस्तावित इस परिसर की क्षमता 10 हजार से अधिक लोगों की होगी, जहां राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के निवेशक सम्मेलन, औद्योगिक प्रदर्शनियां, व्यापारिक आयोजन और वैश्विक व्यवसायिक कार्यक्रम हो सकेंगे। इससे भोपाल को मध्य भारत के प्रमुख एमआईसीई (मीटिंग्स, इंसेन्टिव्स, कॉन्फ्रेंसेस एंड एग्जिबिशन) गंतव्य के रूप में नई पहचान मिलेगी।
सतगढ़ी में विकसित हो रहे इस स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क के जरिए कोलार इलाके के विकास की दिशा बदलेगी। अब तक मुख्य रूप से आवासीय इलाके के रूप में विकसित कोलार आगामी दिनों में निवेश, उद्योग और रोजगार का नया केंद्र बनकर उभरेगा। परियोजना से 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है, जिनका लाभ विशेष रूप से भोपाल और आसपास के युवाओं को मिलेगा। साथ ही, बढ़ती औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
रणनीतिक दृष्टि से भी ये परियोजना बहुत खास है। सतगढ़ी क्षेत्र राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, कोलार रोड और प्रस्तावित वेस्टर्न बायपास से बेहतर संपर्क के कारण निवेशकों के लिए सुविधाजनक औद्योगिक गंतव्य के रूप में विकसित होगा। ये कनेक्टिविटी उद्योगों की स्थापना, लॉजिस्टिक्स और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।