भोपाल

एमपी में 18 साल बाद निकली Singing और Dancing टीचर्स की भर्ती, पर अटक गई जॉइनिंग

Teachers Recruitment : एमपी में लगभग 18 साल बाद निकली संगीत और नृत्य शिक्षकों की भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को अब तक जॉइनिंग नहीं मिल सकी है। भर्ती प्रक्रिया, परिणाम और दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बावजूद नियुक्ति आदेश अटका पड़ा है।
2 min read
Teachers Recruitment
एमपी में 18 साल बाद निकली संगीत और नृत्य शिक्षकों की भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को अब तक जॉइनिंग नहीं मिली (Photo Source- Patrika)

Teachers Recruitment :मध्य प्रदेश में लगभग 18 साल बाद निकली संगीत और नृत्य शिक्षकों की भर्ती के बाद अब नियुक्ति आदेशों में देरी के कारण विवादों में आ गई है। माध्यमिक शिक्षक (संगीत-गायन वादन) और प्राथमिक शिक्षक (संगीत-गायन वादन एवं नृत्य) भर्ती 2024 के चयनित अभ्यर्थी नियुक्ती की मांग कर रहे हैं। चयनित उम्मीदवारों का कहना है कि, भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उन्हें अब तक जॉइनिंग लेटर नहीं दिया गया है।

अभ्यर्थियों के कहना है कि, भर्ती प्रक्रिया 2022 में विज्ञापन जारी होने के साथ शुरू हुई थी। इसके बाद 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित हुई। अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा हुई और सितंबर 2025 में परिणाम घोषित हुए। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, फिर भी अब तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं हुए।

10 महीने बीत चुके

एमपी में 18 साल बाद निकली संगीत और नृत्य शिक्षकों की भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को अब तक जॉइनिंग नहीं मिली (Photo Source- Input)

चयनित अभ्यर्थियों ने परीक्षा संचालन नियम पुस्तिका के नियम 3.28 का हवाला देते हुए कहा कि, नियम के हिसाब से सिलेक्शन लिस्ट जारी होने के तीन महीने में नियुक्ति आदेश जारी होना चाहिए। इसके बावजूद 9 से 10 महीने गुजर जाने के बावजूद भी पात्र-अपात्र सूची जारी नहीं की गई और चॉइस फिलिंग भी शुरू नहीं की।

दूसरे विषयों की जॉइनिंग हुई, हमें क्यों रोका?

अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि, जब दूसरे विषयों की भर्ती प्रक्रिया साथ चली, परिणाम साथ आए और दस्तावेज सत्यापन भी एक साथ हुआ, तो सिर्फ संगीत और नृत्य विषय के चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति क्यों रोकी गई। उनका आरोप है कि, विभाग लगातार सिर्फ आश्वासन दे रहा है।

DPI ऑफिस के लगाए कई चक्कर

चयनित उम्मीदवारों का कहना है कि, अपनी मांगों को लेकर 30 जनवरी, 16 फरवरी, 26 फरवरी, 18 मार्च, 1 अप्रैल, 17 अप्रैल और 6 मई को बड़ी संख्या में डीपीआई कार्यालय पहुंच चुके हैं, बावजूद इसके विभाग के जिम्मेदारों ने उन्हें इंतजार करने की नसीहत ही दी जा रही है।

शिक्षकों की कमी फिर भी नियुक्ति नहीं दी जा रही

अभ्यर्थियों ने सीएजी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश के 1,895 स्कूलों में एक भी शिक्षक नहीं है, जबकि 29,116 स्कूलों में करीब 99,682 शिक्षकों की कमी है। इसके बावजूद चयनित शिक्षकों को नियुक्ति नहीं करना समझ से परे है।

अभ्यार्थियों की चेतावनी

करीब एक हजार चयनित अभ्यर्थियों ने सरकार से तत्काल नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी ज्वाइनिंग दो अभियान तेज हो गया है।

Published on:
12 May 2026 08:07 am