
Bhopal News :मध्य प्रदेश के साथ साथ खासकर राजधानी भोपाल में चलाए जा रहे नशे के खिलाफ अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने दो दिनों में कार्रवाई करते हुए दो महिला समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 74.27 ग्राम स्मैक, एक कार, दो दोपहिया वाहन और सात मोबाइल जब्त किए हैं। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में 927 ग्राम गांजा और 1.4 ग्राम एमडी ड्रग भी बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि, वह स्मैक राजस्थान के झालावाड़ जिले से लाकर भोपाल में अलग-अलग तस्करों को देते थे। क्राइम ब्रांच एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि, झालावाड़ का रूट की जांच और गिरोह अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
दरअसल, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी, कटारा हिल्स के पंडित दीनदयाल पार्क के पास स्मैक की खेप की डिलीवरी होने वाली है। पुलिस ने घेराबंदी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें भोपाल, राजगढ़ और राजस्थान के झालावाड़ के आरोपी शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया कि, राजस्थान के झालावाड़ निवासी नानूराम तंवर, पप्पूलाल तंवर और देव सिंह तंवर स्मैक शाहरुख अंसारी को उपलब्ध कराते थे। शाहरुख इसे भोपाल लाकर रितिक नामदेव, कौशल जाटव और चंदा सिसोदिया के जरिए शहर में सप्लाई करता था। गिरोह से स्मैक खरीदने वाला एक अन्य आरोपी जितेंद्र चाकरड़े भी पकड़ा गया है। जांच टीम आरोपियों के मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों के जरिए पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
-झालावाड़: तस्कर नानूराम तंवर, पप्पू लाल तंवर और देव सिंह तंवर स्मैक उपलब्ध कराते थे।
-भोपाल का नेटवर्क: आरोपी शाहरुख अंसारी स्मैक भोपाल लेकर आता था। फिर वह रितिक नामदेव, कौशल जाटव और चंदा सिसोदिया को देता था, जो शहर में सप्लाई करते थे।
-खरीदार: जितेंद्र चाकरडे स्मैक खरीदकर आगे भेजता था।
-गांजा तस्करी करने वाली महिला: विमला उर्फ सुनीता और फरहान खान गांजा सप्लाई में सक्रिय मिली।
-अन्य कार्रवाई: अशोक साकल्ले गांजा बेचते और विधि-विरुद्ध बालिका एमडी ड्रग बेचने के लिए आई तो पकड़ी गई।
राजधानी में चल रहे नशा मुक्ति अभियान 2.0 के तहत थाना टीला जमालपुरा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.30 लाख रुपए मूल्य की 9 ग्राम स्मैक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। टीला पुलिस अब दोनों आरोपियों से स्मैक की सप्लाई चेन और अन्य तस्करों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर ये कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को सूचना मिली थी कि इस्लामी गेट ग्राउंड की सीढ़ियों पर एक युवक स्मैक लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। तब घेराबंदी कर वरुण दांगी (20) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 9 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.30 लाख रुपए आंकी गई है। पूछताछ में वरुण ने स्मैक अनुज उर्फ अन्नू साहू से लेना बताया। इसके बाद पुलिस ने इलाके में दबिश देकर अनुज को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अनुज के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, जुआ एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने निशातपुरा क्षेत्र से 55 वर्षीय महिला विमला उर्फ सुनीता को 426 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा है। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर टीम ने आरोपी महिला फरहाना खान को भी गिरफ्तार किया। फरहान ने बताया, वो कल्याण नगर से गांजा खरीदकर भोपाल में बेचती थी।
क्राइम ब्रांच ने तीसरी कार्रवाई में हबीबगंज नाके के पास से अशोक साकल्ले को 501 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। इसी तरह चौथी कार्रवाई में शाहजहांनाबाद के भूत बंगला क्षेत्र के पास से एक विधि-विरुद्ध बालिका को 1.4 ग्राम एमडी ड्रग के साथ हिरासत में लिया है। उसके पास से मोबाइल और ड्रग्स के लेन-देन से जुड़े पांच डिजिटल स्क्रीनशॉट भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि, जब्त मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और खरीदारों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे सिंडिकेट पर कार्रवाई की जाएगी।