
भोपाल हरीश दिवेकर की रिपोर्ट...
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार को चुनाव ड्यूटी से बचाने के लिए राज्य सरकार ने निर्वाचन आयोग को गलत जानकारी दे डाली। इसका पता लगने पर आयोग ने गृह विभाग से जवाब तलब किया है।
प्रेक्षक पैनल में शामिल किए गए आइपीएस कुमार को लेकर गृह विभाग ने 17 अक्टूबर को पत्र लिखकर आयोग से कहा कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कुमार की चुनाव में ड्यूटी लगाई है। इनके स्थान पर एडीजी अनिल गुप्ता को पर्यवेक्षक बनाया जाए।
इसके आधार पर आयोग ने पर्यवेक्षक की सूची से कुमार का नाम काटकर गुप्ता का जोड़ दिया। जब मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने इसकी जानकारी ली तो पता चला कि उनके यहां से एडीजी कुमार की कोई ड्यूटी ही नहीं लगाई गई।
तीन माह पहले गया था नाम...
चुनाव आयोग ने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम और राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राज्यों से प्रेक्षकों के लिए आइएएस और आइपीएस के नाम मांगे थे।
इसमें राज्य सरकार की ओर से आइपीएस की सूची में एडीजी अनिल कुमार का नाम भी भेजा गया था। हाल ही में चुनाव आयोग ने सभी राज्यों को सूचित कर बताया है कि किन-किन अधिकारियों को प्रेक्षक के लिए चयन किया गया है।
इसमें एडीजी अनिल कुमार का नाम भी था। सूत्रों के अनुसार, एडीजी कुमार दूसरे राज्य में चुनावी ड्यूटी पर नहीं जाना चाहते थे। उन्हें इससे बचाने के लिए ही पुलिस मुख्यालय ने गृह विभाग को गलत जानकारी दी। इसके आधार पर गृह विभाग ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय का दिया हवाला
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने 18 अक्टूबर को गृह विभाग को पत्र लिखकर कहा है कि एडीजी कुमार की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने किसी तरह की कोई ड्यूटी नहीं लगाई है।
इसके बावजूद उनका हवाला देकर चुनाव आयोग को पत्र लिखा गया है। सीईओ ऑफिस ने इस पूरे मामले में गृह विभाग को स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
मुख्यालय ने कहा था
पुलिस मुख्यालय से आई जानकारी के आधार पर एडीजी अनिल कुमार की जगह अनिल गुप्ता का नाम जोडऩे के लिए लिखा था। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से पत्र मिला है कि उन्होंने कुमार की कोई ड्यूटी नहीं लगाई है। पूरा मामला क्या है, जानकारी आने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा।
- मलय श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव गृह
नहीं लगाई ड्यूटी
गृह विभाग ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के आदेशानुसार एडीजी कुमार की ड्यूटी चुनाव में लगाई गई है, जबकि हमने उनकी कोई ड्यूटी नहीं लगाई है। इस बारे में हमने जानकारी मांगी है। गृह विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कह पाऊंगा कि किस पर क्या कार्रवाई होगी।
- वीएल कांताराव, सीईओ