भोपाल

कांग्रेस की राजनीति के केंद्र में आये गाय, राम और मंदिर

कांग्रेस ने बदले सियासी मुद्दे...
2 min read
• •
Updated: 11 Sep 2018, 9:14 AM IST
congress
congress

भोपाल@अरुण तिवारी की रिपोर्ट...

समय के साथ देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के सियासी मुद्दे भी बदलने लगे हैं। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के केंद्र बिंदु में अब गांव, गाय, नर्मदा, मंदिर और राम भी आ गए हैं। कांग्रेस वचन पत्र में भी इन मुद्दों पर पार्टी का फोकस और नजरिया साफ दिखाई देगा।

कांग्रेस की साफ्ट हिंदुत्व वाली ये नई राजनीति दरअसल भाजपा से मुकाबले के लिए बदली गई है। कांग्रेस मानती है कि भाजपा भगवान हों या गाय इनका इस्तेमाल अपने सियासी फायदे के लिए करती आ रही है, भाजपा इन मुद्दों के जरिए वोटों का ध्रुवीकरण करने का प्रयास करती है।

कांग्रेस के नए मुद्दे - प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने सरकार बनने पर प्रदेश की सभी २३ हजार ग्राम पंचायतों में एक-एक गौशाला खोलने की बात कही है, वे कहते हैं कि भाजपा गाय की बात तो बहुत करती है लेकिन प्रदेश में गौशालाओं की हालत बहुत खराब है, देश की पहले गौ अभ्यारण्य के लिए ही सरकार के पास फंड नहीं है।

कांग्रेस नेता चुनावी सभाओं के दौरान स्थानीय मंदिरों में भी जा रहे हैं, शक्ति पीठ हो या ज्योतिर्लिंग सभी धार्मिक स्थानों पर कांग्रेस नेता मत्था टेकते हुए देखे जा सकते हैं।

दिग्विजय सिंह की नर्मदा यात्रा के बाद नर्मदा संरक्षण का भी मुद्दा कांग्रेस उठा रही है, वचन पत्र में भी नर्मदा संरक्षण का बिंदु शामिल रहेगा। दिग्विजय तो अगले साल मानसरोवर यात्रा पर जाने की घोषणा अभी से कर चुके हैं।

राहुल गांधी भी प्रदेश के दौरे के समय जिन मंदिरों में दर्शन करने जाएंगे उनकी सूची बुलवा चुके हैं। कांग्रेस नेता राम वन गमन यात्रा पर भी निकलने वाले हैं। यह यात्रा 21 सितंबर से 9 अक्टूबर तक निकाली जाएगी, यह यात्रा 35 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, जहां जहां से भगवान राम गुजरे हैं वहीं इस यात्रा का मार्ग रहेगा।

कांग्रेस के उपभोक्ता प्रकोष्ठ ने कमलनाथ से राम पथ गमन बनाने की मांग को भी वचन पत्र में शामिल करने को कहा है। कांग्रेस पलायन रोकने के लिए गांवों में लघु और कुटीर उद्योगों का जाल फैलाने की आवश्यकता को भी केंद्र में रख रही है।

संघ से मुकाबले की कोशिश - कांग्रेस अपनी इस नई सियासी रणनीति के तहत संघ और भाजपा से सीधा मुकाबला करने जा रही है। संघ गांव में एक मंदिर, एक श्मसान और एक कुएं के सिद्धांत पर सालों से काम कर रहा है। इस सिद्धांत से गांव के सभी लोगों को एक सूत्र में पिरोना है, गांव के सभी लोग जाति के भेदभाव के एक मंदिर में,एक कुएं और एक श्मसान पर बिना रोक टोक आ जा सकें ताकि उन्हें वर्ग और जाति के नाम पर बांटा न जा सके।

भाजपा हमेशा धर्म की राजनीति कर लोगों को बांटना चाहती है, राम हों या गाय सबका इस्तेमाल वोटों के लिए करती है। कांग्रेस के केंद्र में हमेशा से ये मुद्दे रहे हैं, कांग्रेस की इनमें आस्था है और इनकी बेहतरी और संरक्षण के लिए काम किया जाएगा।

- भूपेंद्र गुप्ता उपाध्यक्ष,कांग्रेस मीडिया विभाग

चुनाव के कारण कांग्रेस को राम और गाय याद आए वरना गौचर भूमि न बक्शने वाले,राम का अस्तित्व शपथपत्र देकर नकारने वाले, हिंदु आतंकवाद कहने वाले ये सिर्फ चुनाव में धर्म का राग अलाप रहे हैं।

- रजनीश अग्रवाल प्रदेश प्रवक्ता,भाजपा

Updated on:
11 Sep 2018, 9:14 AM IST
Published on: