भोपाल

सीएम व बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के दिल्ली दौरे से मची खलबली, एमपी में राजनैतिक नियुक्तियां तय

MP BJP - सरकार में प्रशासनिक और राजनीतिक बदलाव पर मंथन, नेताओं को सूची का इंतजार
2 min read
Apr 03, 2026
Stir in MP BJP Following CM Mohan Yadav's Delhi Visit
Stir in MP BJP Following CM Mohan Yadav's Delhi Visit

MP BJP - मध्यप्रदेश में राजनैतिक और प्रशासनिक ढांचे में बदलाव की बात कही जा रही है। सीएम मोहन यादव के दिल्ली दौरे ने इन अटकलों को और हवा दे दी। वे बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ दिल्ली पहुंचे थे जिससे एमपी बीजेपी में खलबली मच गई। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के दिल्ली दौरे के बाद एमपी में राजनैतिक नियुक्तियां तय हो गई हैं। ऐसे में अप्रेल का महीना बीजेपी के कई नेताओं कार्यकर्ताओं के लिए खुशी का सबब बन सकता है तो कइयों की हसरतों पर पानी भी फेर सकता है।

नेताओं को निगम मंडलों व प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्ति संबंधी सूची के जारी होने का इंतजार

मध्यप्रदेश के राजनीतिक व ब्यूरोक्रेसी हलकों में इन दिनों भोपाल से लेकर दिल्ली तक सूचियों की खूब चर्चा है। इनमें दो तरह की सूची शामिल है। नेताओं को निगम मंडलों व प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्ति संबंधी सूची के जारी होने का इंतजार है तो आइएएस और आइपीएस में एक बड़ा वर्ग संभावित तबादला सूची पर टकटकी लगाए हुए है। कई दौर के मंथन के बाद अब ये सूचियां कभी भी जारी हो सकती है। बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के दिल्ली दौरे ने प्रदेश के राजनैतिक हल्कों में खलबली मचा दी। पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा सांसदों के साथ बैठकों के दौर ने एक बार फिर जल्द सूची जारी होने के संकेत दिए हैं।

राजनीतिक नियुक्तियों पर दिल्ली से नाम तय

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर सत्ता और संगठन ने गुणा-भाग पूरा कर लिया है। पहले उचित समय आने पर सबको एक साथ लेकर समन्वय की चर्चा थी। फिर वन टू वन का फॉर्मूला ईजाद किया।

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का एक साथ दिल्ली जाकर भाजपा सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात यह इशारा कर रही है कि कभी भी सूची जारी कर दी जाएगी

हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मुलाकात, उसके बाद सुशासन संस्थान में सत्ता, संगठन और संघ के बड़े नेताओं के साथ नर्मदा समग्र के अलावा अन्य विषयों पर मंथन हुआ। अब मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का एक साथ दिल्ली जाकर मप्र से लोकसभा और राज्यसभा में भाजपा सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मुलाकात यह इशारा कर रही है कि कभी भी सूची जारी कर दी जाएगी। सूत्र बताते हैं कि केंद्रीय नेतृत्व से सूची पर लगभग हरी झंडी दी जा चुकी है।

Updated on:
03 Apr 2026 10:28 am
Published on:
03 Apr 2026 10:28 am