
भोपाल। MPPEB यानि मध्यप्रदेश प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड भोपाल द्वारा 2018 में आयोजित की जाने वाली भर्ती परीक्षाओं में समूह-4 के अन्तर्गत सहायक ग्रेड-3, स्टेनोटायपिस्ट, और अन्य समकक्ष पदों के लिए परीक्षा दिनाक 10-15 मार्च वेबसाइट पर प्रदर्शित की जा रही है। ऐसे में परीक्षा को अब केवल 18-20 दिवस ही शेष हैं,लेकिन अब तक भर्ती नियम लागू नहीं हुए हैं। इससे उम्मीदवरों में नाराजगी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में भी यह परीक्षा दिसम्बर 2017 मे होनी थी जो कि नहीं हुई। ऐसे में महीनों से तैयारी कर रहे बेरोजगार छात्रों मे असंतोष बढ़ता ही जा रहा है।
वहीं यदि यह परीक्षा 10-15 मार्च मे नहीं हो पाती है, तो उसके बाद लगभग 16 परीक्षाएं 8 माह में (अकटूबर 2018 तक) लगातार होनी हैं क्योंकि इसके बाद आचार संहिता लग जाएगी।
बताया जा रहा है कि समूह-4 की परीक्षाओं के लिए हजारों बेरोजगारों ने तैयारियां कर रखीं हैं। ऐसी स्थिति में यदि घोषित तारीखों में कोई बदलाव होता है तो यह काफी निराशाजनक होगा।
वहीं जानकारों का मानना है कि चुनावी साल में इस तरह की लापरवाहियां सरकार के लिए नुक्सानदायक साबित हो सकतीं हैं। इधर पीईबी के परीक्षा नियंत्रक अशोक भदौरिया के मुताबिक अभी तक विभाग से भर्ती नियम प्राप्त नहीं हुए हैं।
यदि इस सप्ताह में विभाग की ओर से कार्रवाई पूरी हो जाती है तो परीक्षाएं निर्धारित तारीख में कराई जा सकेंगी, अन्यथा परीक्षाओं को स्थगित कर नई तारीखें दी जाएंगी।
इधर, टेस्ट का कार्यक्रम जारी:-
मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग ने राज्य सेवा परीक्षा 2017 की लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के इंटरव्यू और फिजिकल टेस्ट का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। उम्मीदवारों के इंटरव्यू 23 फरवरी से 16 मार्च तक और फिजिकल टेस्ट 20 फरवरी से 14 मार्च के बीच होंगे।इस संबंध में अधिक जानकारी आयोग के पोर्टल से प्राप्त की जा सकती है।
यह है पूरक परीक्षा का कार्यक्रम:-
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय ने बीलिब (बैचलर ऑफ लाइब्रेरी) की पूरक परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा के फार्म जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सामान्य फीस के साथ मंगलवार 20 फरवरी तक फार्म जमा किए जा सकेंगे। जबकि, लेट फीस 300 रुपए के साथ 21 से 26 फरवरी तक फार्म जमा होंगे। इसके बाद विशेष लेट फीस एक हजार रुपए के साथ परीक्षा शुरू होने के तीन दिन पहले तक फार्म जमा किए जा सकेंगे।