भोपाल

एमपी के मऊगंज में तनाव का माहौल, पूरा गांव खाली, सीएम ने की सरकारी नौकरी की घोषणा

Rahil Dubey Murder case: मऊगंज में राहिल दुबे को बंधक बनाकर हत्या , ग्रामीणों के हमले में एएसआइ रामचरण गौतम की मौत के दूसरे दिन भी गडरा गांव में तनाव , इस बीच सीएम डॉ. मोहन यादव ने एएसआइ को शहीद का दर्जा देने का ऐलान किया। आश्रित को एक करोड़ रुपए की सहायता और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की।
2 min read
• •
Updated: 17 Mar 2025, 12:40 PM IST
MP News

Rahil Dubey Murder case: मऊगंज में राहिल दुबे को बंधक बनाकर हत्या करने और पुलिस टीम पर ग्रामीणों के हमले में एएसआइ रामचरण गौतम की मौत के दूसरे दिन भी गडरा गांव में तनाव रहा। रीवा और अन्य जिलों से पहुंची पुलिस ने देर रात ही बंधक बने एसडीओपी अंकिता सुल्या, तहसीलदार कुमारे लाल पनिका और टीआइ संदीप भारती समेत 10 जवानों को छुड़ा लिया। पर इसके लिए पुलिस को फायरिंग तक करनी पड़ी। अस्पताल में भर्ती घायल जवानों का हाल जानने डीजीपी कैलाश मकवाना रीवा पहुंचे। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।

इस बीच सीएम डॉ. मोहन यादव ने एएसआइ को शहीद का दर्जा देने का ऐलान किया। आश्रित को एक करोड़ रुपए की सहायता और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की। पुलिस ने भी सोमवार शाम 5 बजे भोपाल में होने वाले राज्यस्तरीय होली मिलन समारोह रद्द कर दिया। इस दौरान पुलिस ने पत्रकार रफीक, सरपंच और पूर्व सरपंच समेत 6 को गिरफ्तार किया है। दावा है कि रफीक ने भीड़ को उकसाया, कहा-आज पुलिस की होली है, मौका अच्छा है।

मुख्यमंत्री बोले-आश्रित को 1 करोड़ रुपए की मदद, सरकारी नौकरी भी

शहीद एएसआइ रामचरण गौतम का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि बडे़ बेटे सुनील गौतम ने दी। पार्थिव शरीर सतना स्थित गृहग्राम गुलुआ पवईया पहुंचा तो ग्रामीणों की आंखें भर आई। सभी की जुबां से यही निकला कि 8 माह बाद रिटायर होने वाले थे। वे कहते थे-अब बाकी जिंदगी गांव में परिवार के साथ बिताऊंगा।

सीएम ने किया ट्वीट

यह है मामला

गडरा गांव के अशोक कोल की दो माह पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिजन राहिल दुबे पर हत्या का केस चलाने की मांग कर रहे थे। शनिवार को अशोक के घरवालों ने लोगों के साथ मिलकर दुबे को बंधक बनाया। घर में मारपीट की, उसकी मौत हो गई। उसे छुड़ाने पुलिस पहुंची तो उन पर भी हमला किया।

पूरा गांव खाली

घटना के बाद गांव गडरा खाली हो गया। धरपकड़ से डरे लोग घर में ताला लगा भाग निकले। डीआइजी ने टीमें बनाई हैं। इधर, राहिल का शव गांव पहुंचा तो परिजन आरोपियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। अंतिम संस्कार से मना कर दिया। अफसरों के मनाने पर माने।

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी

अभी हम घायलों से मिलने आए थे। मऊगंज जा रहे हैं। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

- कैलाश मकवाना, डीजीपी


Updated on:
17 Mar 2025, 12:40 PM IST
Published on: