भोपाल

इस बार 25 फीसदी ज्यादा किसानों ने कराया फसल बेचने पंजीयन

- खेती का रकबा 8त्न बढ़ा: खुले बाजार में फसल बेचने वाले हुए कम

2 min read
Mar 04, 2021
रामगंजमंडी की धनिया मंडी में धनिया की लगी ढ़ेरियां व नीलामी के बाद जिंसों की तुलाई मे जुटे हम्माल।

भोपाल. नए कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच इस बार एमएसपी पर 25 फीसदी ज्यादा किसानों ने भरोसा जताया है। वर्ष 2020 में 26,95,542 किसानों ने पंजीयन कराया था। वहीं, 2021 में अभी तक 35,34,100 किसान पंजीयन करवा चुके हैं। इसकी एक वजह अनाज के गिरते बाजार भाव को भी माना जा रहा है। इस बार रबी की फसलों का रकबा भी आठ फीसदी बढ़ा है। इस वर्ष लगभग एक करोड़ 25 लाख मीट्रिक गेहूं और 20 लाख मीट्रिक दलहन एवं तिलहन खरीदी का अनुमान है।
सूत्रों का कहना है कि समर्थन मूल्य से किसानों को काफी राहत मिली है। इससे किसानों को बिचौलियों और साहूकारों से छुटकारा मिला है। इसके चलते साल-दर-साल समर्थन मूल्य पर फसल बेचने वाले किसानों का पंजीयन बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने पंजीयान तारीख तीन बार बढ़ाई है। अब पंजीयन पांच मार्च तक किए जा सकेंगे। दो तारीख के बाद किसानों का पंजीयन समिति स्तर पर किया जा रहा है। गौरतलब है कि किसानों ने विधायकों के जरिए सरकार से पंजीयन की तारीख बढ़ाने की मांग की थी।
- ई-उपार्जन पोर्टल पर भी पंजीयन
किसानों की सहूलियत के लिए इस बार भी ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन किया जा रहा है। पोर्टल पर अभी तक 26,94,168 से अधिक किसानों ने पंजीयन करवाया है। दो दिनों के अंदर एक लाख पंजीयन और बढऩे का अनुमान है। प्रदेश गिरदावरी किसान ऐप, कॉमन सर्विस सेंटर और कियोस्क पर भी किसानों का पंजीयन किया जा रहा है।

- 4500 केंद्रों पर होगी गेहूं की खरीदी
इस वर्ष 4500 केंद्रों पर गेहूं की खरीदी की जाएगी। खरीदी कार्य में स्व-सहायता समूहों, एफपीयू और एफपीसी को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी के साथ उसके भंडारण और परिवहन की पुख्ता व्यवस्थाएं की जा रही हैं। गेहूं खरीदी इंदौर और उज्जैन में 22 मार्च से और शेष जिलों में एक अप्रेल से शुरू हो जाएगी।
- पंजीयन की स्थिति वर्ष-2021
फसल- किसान (2020) - किसान (2021)
गेहूं - 19,47,829 - 24,42,856
चना - 5,03,099 - 7,13,097
मसूर - 1,23,440 - 1,93,739
सरसों - 1,21,174 - 1,84,408

रकबा (2020) - 62,54,098 हेक्टेयर
रकबा (2021) - 54,60,778 हेक्टेयर

- 3,518 केंद्रों पर पंजीयन का कार्य
- 4,500 केंद्रों पर होगी गेहूं खरीदी

सरकार किसानों से बाजार दर से ज्यादा कीमतों पर अनाज खरीदने की व्यवस्था करती है। इसके चलते किसान पंजीयन करा रहे हैं। किसानों को खरीदी केंद्रों पर बेहतर सुविधाएं और जल्द भुगतान की व्यवस्था की जाती है।
- फैज अहमद किदवई, प्रमुख सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण

ये भी पढ़ें

अस्पताल में आया सात लाख रुपए का प्रिंटर और प्रोसेसर
Published on:
04 Mar 2021 04:05 am
Also Read
View All