JK Hospital- मेल किया गया है जिसमें कहा गया कि कॉलेज कैंपस में 21 बम रखे हैं
Bhopal- मध्यप्रदेश की राजधानी में बड़े संस्थानों को बम से उड़ा देने की धमकी देने का सिलसिला लगातार जारी है। अब भोपाल के हॉस्पिटल, यूनिवर्सिटी, कॉलेज में सीरियल बम ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है। इस संबंध में मेल किया गया है जिसमें कहा गया कि कॉलेज कैंपस में 21 बम रखे हैं। जौहर की नमाज के बाद सीरियल बम ब्लास्ट किए जाएंगे। जेके मेडिकल यूनिवर्सिटी, जेके हॉस्पिटल, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी तथा एलएन मेडिकल कॉलेज को बम ब्लास्ट कर उड़ाने का मेल किया गया है। इससे हड़कंप की स्थिति बन गई है। पुलिस के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। भोपाल पुलिस कॉलेज कैंपस की तलाशी में जुटी है।
इससे पहले भोपाल एम्स को भी बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। नापतौल कार्यालय में तो लगातार दो दिनों तक बम ब्लास्ट की धमकी दी गई। राजधानी की ही पीपल्स यूनिवर्सिटी को भी ऐसी धमकी मिल चुकी है।
बुधवार को जेके यूनिवर्सिटी के ऑफिशियल मेल पर बम ब्लास्ट का संदेश प्राप्त हुआ। सुबह करीब 10 बजे मिले मेल में कहा गया कि जौहर की नमाज के बाद कॉलेज में सीरियल ब्लास्ट किए जाएंगे। इस्लामी समय अनुसार दोपहर 1:30 बजे ये ब्लास्ट होंगे। धमकी भरा मेल आते ही अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने जेके अस्पताल की दोनों बिल्डिंगों में सर्चिंग शुरु कर दी है।
इससे पहले बम ब्लास्ट की धमकियों के मामले की अभी तक जांच चल रही है। पुलिस अभी तक आरोपियों तक पहुंच नहीं सकी है जिससे ऐसे बदमाशों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को भोपाल स्थित नाप तौल विभाग को ईमेल से धमकी दी गई थी कि दोपहर दो बजे यहां आरडीएक्स बम फटेंगे। मेल मिलने के बाद विभाग समेत पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियो को अलर्ट कर दिया गया है। नापतौल विभाग को दो दिन में दूसरी बार यह धमकी मिली। इससे पहले सोमवार को भी धमकी भरा ईमेल आया था। पुलिस जांच के बाद बम से उड़ाने की यह धमकी झूठी निकली।
मध्यप्रदेश नाप तौल अधिकारी कर्मचारी संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि आरडीएक्स से नाप तौल मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दोबारा मिली तो कर्मचारी दहशत में आ गए थे। कर्मचारी ऑफिस से बाहर निकल आए। हालांकि पुलिस जांच में बम से उड़ान की धमकी में बड़ा खुलासा हुआ है कि धमकी झूठी थी।