
MP Rain Alert- एमपी में कुछ दिनों की देरी के साथ दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया है। मानसून ने राजधानी भोपाल में भी एंट्री कर ली है। यहां निर्धारित 18 जून से 13 दिन बाद मानसून आया। गुुरुवार को सबसे आखिरी में प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में दस्तक दी। यहां से मानसून देश के ऊपरी हिस्से की ओर बढ़ गया। मौसम विभाग ने मप्र के अधिकांश हिस्सों में अगले 4- 5 दिनों तक जोरदार बारिश की बात कही है। मानसून की प्रगति के साथ ही एमपी के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। गुरुवार को नरसिंहपुर, सिवनी सहित कई शहरों में जोरदार बरसात की वजह से जलभराव से परेशानी बढ़ गई। भारी बारिश से कई जगहों पर जनजीवन बेहाल हो गया है। प्रदेश के इंदौर-सीहोर में वाहन बह गए।
कई जिलों में हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग ने शुक्रवार को हरदा, खंडवा, बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, देवास, रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, रतलाम, उज्जैन, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, अनूपपुर, सिवनी, बालाघाट, सागर, पांढुर्णा, भोपाल, विदिशा, सीहोर में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण अगले 4 दिनों तक मध्य भारत में मानसून ज्यादा सक्रिय रहेगा। 3 से 6 जुलाई तक देश के जिन राज्यों में अत्यधिक भारी व भारी बारिश की संभावना जताई गई है उनमें एमपी भी शामिल है। शुक्रवार व शनिवार को पूर्वी मध्यप्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और दो दिन अति भारी बारिश का अलर्ट 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज हवाओं के चलने की आशंका भी है।
मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सीजन के पहले लो-प्रेशर एरिया व पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में भारी बारिश होगी। ज्यादातर जगहों पर अगले 4- 5 दिनों तक जोरदार बारिश होने का अनुमान है।
जबलपुर के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में कटाव नाला पार करते गुरुवार की दोपहर बरमान की ओर जा रही जीप तेज बहाव में बह गई। वाहन शराब कंपनी का था। इसमें सवार कंपनी के चार कर्मचारियों ने तो समय रहते कूदकर जान बचाई, लेकिन जीप में फंसे सदर क्षेत्र निवारी रवि पिल्ले (55) की डूबने से मौत हो गई। दोपहर डेढ़ बजे हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव निकाला।