भोपाल

कांग्रेस को मिले थे 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट, दतिया में कड़ी टक्कर के बीच बीजेपी को एक और चुनौती

Datia By Election 2026 - विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त होते ही दतिया लौटे दिग्गज, हेमंत खंडेलवाल और जीतू पटवारी ने संभाला मोर्चा, 30 जुलाई को होगा मतदान, दतिया में भाजपा और कांग्रेस दोनों की राह मुश्किल बनाएगा तीसरा दल
2 min read
Jul 24, 2026
Tough contest between BJP and Congress in Datia by election 2026
दतिया उपचुनाव 2026 में बीजेपी कांग्रेस में कड़ी टक्कर- Demo Pic

Datia By Election - मध्यप्रदेश में दतिया उपचुनाव जोर पकड़ चुका है। बुधवार को विधानसभा में मानसून सत्र के समापन के साथ अब भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के दिग्गज मैदान पर उतर चुके हैं। गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तो कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत दोनों ही दलों के कई बड़े नेता प्रचार करते नजर आए। उपचुनाव में भाजपा आशुतोष तिवारी के जरिए दतिया पर काबिज होना चाहती है तो कांग्रेस घनश्याम सिंह के साथ दोबारा जीत दोहराने का दावा कर रही है। दोनों दलों ने सीट जीतने के लिए कई स्तर पर नेता-जनप्रतिनिधियों की अलग- अलग जिम्मेदारियां तय कर दी है। दतिया में कड़ी टक्कर के बीच बीजेपी को दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। 2023 में विधानसभा चुनाव में यहां के 50 प्रतिशत से ज्यादा वोटर्स कांग्रेस के पक्ष में रहे थे। बीजेपी को जहां इस अंतर को पाटना है वहीं अपनी जीत के लिए तीसरे दल के उम्मीदवार से भी जूझना है।

80 फीसदी मतदान हुआ जिसमें 50 प्रतिशत वोटर्स कांग्रेस के

दतिया में 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने पूर्व मंत्री व भाजपा के कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा का पटखनी दी थी। उस दौरान दतिया में 80.2 प्रतिशत वोटिंग हुई, इसमें 2098 कुल पोस्टल वोट सहित कुल 176759 वोट डले। चुनाव में 17 अभ्यर्थी मैदान में रहे। तब कांग्रेस के भारती के नाम 50.34 फीसदी वोटर्स ने अपना समर्थन दिया था। वहीं भाजपा की ओर से मैदान पर रहे पूर्व मंत्री मिश्रा 45.96 फीसदी वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वोटिंग के दौरान कई ऐसे स्थानों पर कांग्रेस ने लीड की जो भाजपा का गढ़ मानी जाती थीं।

सेवढ़ा सीट पर 20 हजार वोट लेकर चौंकाया

राजनीतिक मामलों के जानकारों का मानना है कि दतिया में दोनों दलों के बीच कड़ी टक्कर है और दोनों ही एक-दूसरे को हार का मुंह दिखाना चाहते हैं तो वहीं तीसरे दल की हार-जीत में बड़ी भूमिका हो सकती है। कई तो यहां तक कह रहे हैं कि इन दोनों की लड़ाई में तीसरा दल भी हाथ मार सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि तीसरे दल से दामोदर यादव प्रत्याशी हैं। इन्होंने 2023 के विस चुनाव में सेवढ़ा सीट से चुनाव लड़ा था और 29 हजार 42 वोट झटके थे।

सेवढ़ा दतिया जिले की ही सीट है। हालांकि यहां से भाजपा ने ही जीत हासिल की थी जबकि दतिया में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के नरोत्तम मिश्रा को पटकनी दे दी थी। दतिया उप चुनाव में 30 जुलाई को मतदान होना है, जिसके लिए दलों के पास अब भी 6 दिन बाकी है। इनमें से 5 दिन तक तो ये खुलकर प्रचार करेंगे।

तीसरे प्रत्याशी का इसलिए दखल

2023 में सेवढ़ा पर 29042 वोट झटके थे दामोदर यादव ने, जो उप चुनाव में दतिया में मैदान पर हैं।
20.63 प्रतिशत वोट पाकर तब वे तीसरे बड़े प्रत्याशी बनकर उभरे थे।
43834 वोट भाजपा के प्रदीप अग्रवाल को मिले थे
41276 वोट कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने लिए थे
(नोट: 2023 चुनाव परिणाम के अनुसार।)

Updated on:
24 Jul 2026 09:58 am
Published on:
24 Jul 2026 09:57 am