भोपाल

टि्वशा केस: 14 जुलाई तक बढ़ी गिरिबाला सिंह और समर्थ की न्यायिक हिरासत, जेल में कटेंगी रातें

Twisha Sharma Death Case: टि्वशा शर्मा केस में सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ की न्यायिक हिरासत को 14 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है।
2 min read
Jun 30, 2026
Twisha Sharma Death Case:
Twisha Sharma Case Updates: 14 जुलाई तक बढ़ी न्यायिक हिरासत (Photo Source - Patrika)

Twisha Sharma Case Updates: एमपी के भोपाल शहर में सबसे चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के लिए बता दें कि 30 जून की सुनवाई को बहुत अहम माना जा रहा था। हालांकि एक बार फिर अदालत ने दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत (ज्यूडिशियल रिमांड) 14 जुलाई तक बढ़ा दी है। अब टि्वशा की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ को 14 जुलाई तक जेल में ही रहना होगा। आज दोनों को सुनवाई के लिए वर्जुअल माध्यम से पेश किया गया। इससे पहले उन्हें 30 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। जो आज खत्म हो गई। सीबीआई ने दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ाने का अनुरोध किया था।

चोरी के मामले में कोर्ट ने नहीं दी राहत

कोर्ट में पेशी के दौरान गिरिबाला सिंह ने अपने घर में हुई चोरी को लेकर भी कुछ मांगे रखी। उन्होंने कहा कि संबंधित थाना क्षेत्र ले जाकर यह दिखाया जाए कि आखिर कौन-कौन सा सामान चोरी हुआ है। हालांकि इस बात पर सीबीआई ने साफ तौर पर आपत्ति जताई। सीबीआई ने कहा कि चोरी का मामला और ट्विशा केस अलग-अलग प्रकरण हैं। इसलिए वर्तमान सुनवाई में इस मांग पर विचार नहीं किया जा सकता।

एडवोकेट शुभांग दीक्षित के अनुसार अदालत ने आरोपी पक्ष से स्पष्ट कहा कि यदि वे ऐसी कोई मांग करना चाहते हैं तो विधिवत लिखित आवेदन प्रस्तुत करें। केवल मौखिक अनुरोध के आधार पर कोई आदेश पारित नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने गिरिबाला सिंह की इस मांग को स्वीकार नहीं किया है।

हिरासत बढ़ाने का विरोध

कोर्ट में बचाव पक्ष ने न्यायिक हिरासत के बढ़ने को लेकर विरोध किया। कहा गया कि सीबीआई का आवेदन पहले दिए गए आवेदन की पुनरावृत्ति है और उसमें कोई नया आधार नहीं जोड़ा गया है। अदालत ने किसी भी प्रकार की आपत्ति को स्वीकार नहीं किया और गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत बढ़ाने का आदेश पारित कर दिया।

सबूत मिटाने की हुई कोशिश ?

रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के भोपाल स्थित घर पर 27 जून की रात चोरी की वारदात सामने आई। गिरिबाला के घर दो नकाबपोश चोर पीछे के दरवाजे से घुसे थे। चोर घर में रखे गहने और कुछ दस्तावेज लेकर फरार होने ही वाले थे कि पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस जैसे ही गिरिबाला के घर पहुंची, चोर जेवरात और दस्तावेज छोड़कर फरार हो गए। इस घटना के बाद सवाल उठने लगे कि 'क्या ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े सबूतों को मिटाने की कोशिश की जा रही है?' इसपर भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि उनके पास एक सीसीटीवी फुटेज भी आई है।

भोपाल कमिश्नर संजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि 'ट्विशा केस में पूर्व जज गिरिबाला सिंह के घर हुई चोरी में छह लोग शामिल है। जो CCTV फुटेज में भी आए हैं।' सिंह ने बताया कि 'तीन लोग पुलिस को देखकर भागे थे और उनका एक बैग छूट गया था। बाकी बचे तीन लोग किसी दूसरे रास्ते से फरार हो गए।'

Updated on:
30 Jun 2026 04:05 pm
Published on:
30 Jun 2026 03:57 pm