
Twisha Sharma Death Case: राजधानी के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत प्रकरण में पुलिस विभाग ने प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए कटारा हिल्स थाने के एसआइ दिनेश शर्मा पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है। बताया जा रहा है, ट्विशा द्वारा कथित रूप से आत्महत्या में इस्तेमाल किए गए फंदे (लिगेचर बेल्ट/कॉर्ड) को लेकर हुई लापरवाही के चलते कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया कि संबंधित सामग्री जब्त किए जाने के बावजूद उसकी अभिरक्षा व दस्तावेजी प्रक्रिया में गंभीर त्रुटियां बरती गईं।
जानकारी अनुसार, पुलिस ने 13 मई की सुबह 9.45 बजे उक्त फंदे को जब्त किया था, लेकिन जब्ती पंचनामे में उल्लेख नहीं किया गया। आरोप है कि उक्त बेल्ट एसआइ शर्मा वाहन में लेकर घूमते रहे, जिससे साक्ष्यों की सुरक्षा व जांच की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने उनके खिलाफ अर्थदंड की कार्रवाई की है। साथ ही भविष्य में विभागीय स्तर पर अन्य कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।
उधर, टिवशा शर्मा मौत (Twisha Sharma Deas Case Latest Update) मामले की जांच सीबीआई स्तर पर लगातार जारी है। हाल ही में सीबीआई को टि़्वशा शर्मा की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। जांच एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले इसी प्रकरण में जेल में बंद सेवानिवृत्त जज गिरीबाला और बेटे समर्थ को कथित वीआइपी सुविधाएं दिए जाने के मामले में डिप्टी जेलर को भी हटाया गया था। ऐसे में एसआइ दिनेश शर्मा पर हुई कार्रवाई को विभागीय जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस महकमे में इसे भविष्य में साक्ष्यों के संरक्षण और जांच प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।
बता दें कि 12 मई को ट्विशा शर्मा का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद असंतुष्ट परिजनों ने हाई कोर्ट में ट्विशा के दोबारा पोस्टमार्टम की अनुमति मांगी। इस बीच मामला सीबीआई को रेफर कर दिया गया। सीबीआई को मामला भेजते ही पति समर्थ सिंह और गिरिबाला के खिलाफ FIR दर्ज की गई। गिरफ्तारी हुई और मामले की जांच अब भी जारी है। बताया जा रहा है कि सीबीआई आरोपियों से दोबारा पूछताछ भी कर सकती है।