Vande Bharat Express will run in April प्रदेश को दो नई वंदेभारत एक्सप्रेस VANDE BHARAT EXPRESS मिल रहीं हैं जोकि अप्रेल में दौड़ेंगी।
मध्यप्रदेश को रेलवे ने एक बार फिर बड़ी सौगात दी है। प्रदेश को दो नई वंदेभारत एक्सप्रेस VANDE BHARAT EXPRESS मिल रहीं हैं जोकि अप्रेल में दौड़ेंगी। इनमें से एक वंदेभारत स्लीपर होगी जबकि दूसरी चेयर कार होगी। रेलवे ने नई वंदेभारत एक्सप्रेस VANDE BHARAT EXPRESS ट्रेनों का रूट भी निर्धारित कर दिया है। ये ट्रेनें प्रदेश की राजधानी भोपाल को बिहार और यूपी से जोड़ेंगी। रेल अधिकारियों के अनुसार प्रदेश को लंबी दूरी की कुछ अन्य वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी मिलने की उम्मीद है।
एमपी के रेल यात्रियों का सफर जल्द ही और आरामदायक बनेगा। राजधानी भोपाल से नई वंदेभारत एक्सप्रेस का स्लीपर वर्जन जल्द ही पाटलीपुत्र के लिए दौड़ेगा। एक और वंदेभारत भी मिलेगी जोकि भोपाल से लखनऊ तक जाएगी। ये दोनों ट्रेनें पूर्व घोषित हैं पर अभी तक रैक नहीं मिल सका है। भोपाल रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार अब मार्च-अप्रैल तक रैक मिलने की उम्मीद है।
भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीएमई आरपी खरे के अनुसार मार्च के आसपास वंदेभारत के दोनों रैक मिलने की संभावना है। वे बताते हैं कि इस ट्रेन का नया रैक करीब एक माह में बनता है। भोपाल रेल मंडल को वंदेभारत स्लीप का 5वां या 6वां रैक मिलेगा।
भोपाल पाटलीपुत्र वंदेभारत स्लीपर ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे की होगी। इसकी पहली रैक जल्द मिलेगी। स्लीपर वंदे भारत ट्रेन भोपाल से पाटलीपुत्र तक चलाई जाएगी। यह संभवत: रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होगी। भोपाल से पटना की करीब 850 किमी की दूरी वंदेभारत एक्सप्रेस महज 15 घंटों में तय कर लेगी। अभी इसमें कम से कम 18 घंटे लगते हैं। स्लीपर ट्रेन होने से यात्री सोते हुए यह सफर पूरा कर सकेगा। वंदेभारत स्लीपर के रैक अलाटमेंट के बाद भोपाल लखनऊ वंदेभारत का रैक मिलेगा जोकि चेयरकार होगी।
सीनियर डीएमई आरपी खरे के अनुसार भोपाल रेल मंडल को पटना और लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस के रैक जल्द मिलेंगे।
रैक मिलते ही ट्रायल करेंगे और इसके बाद ट्रेन यात्रियों के लिए शुरू कर दी जाएगी।