Kailash Kher- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में शुभारंभ समारोह में प्रख्यात गायक कैलाश खेर के सुर गूंजेंगे।
Kailash Kher- मध्यप्रदेश में बड़ा खेल आयोजन हो रहा है। प्रदेश की राजधानी भोपाल में 27 जनवरी को खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ होगा। इसके लिए केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भोपाल आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में इस राज्यस्तरीय शुभारंभ समारोह के भव्य आयोजन में प्रख्यात गायक कैलाश खेर के सुर गूंजेंगे। राजधानी के तात्या टोपे स्टेडियम में खेल, युवा ऊर्जा, संस्कृति और संगीत के अद्भुत संगम के रूप में यह शुभारंभ समारोह प्रदेश के लिए खेल उत्सव का अवसर बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया खेलो एमपी यूथ गेम्स के राज्य स्तरीय समारोह का शुभारंभ करेंगे। 27 जनवरी को शाम 6:30 बजे शुरु होनेवाल भव्य कार्यक्रम प्रदेश के खेल इतिहास में यादगार समारोह के रूप में दर्ज होने जा रहा है।
समारोह में मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक कैलाश खेर की प्रस्तुति होगी। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स के राज्यस्तरीय शुभारंभ समारोह को विशेष रूप से भव्य, आकर्षक और यादगार बनाया गया है। समारोह का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक कैलाश खेर की लाइव भव्य संगीतमय प्रस्तुति होगी। उनकी सशक्त आवाज़, लोक-संगीत की आत्मा और ऊर्जा से भरपूर गायन से पूरा तात्या टोपे स्टेडियम संगीतमय उल्लास और रोमांच से गूंज उठेगा।
इसके साथ ही ‘इंडियाज गोट टेलेंट’ फेम डांस ट्रूप द्वारा प्रस्तुत रोमांचक एरोबिक डांस दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा। समारोह में भव्य मार्च-पास्ट के माध्यम से खिलाड़ियों का अनुशासन, एकजुटता और खेल भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया जाएगा।
मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि यह पहली बार है जब खेलो एमपी यूथ गेम्स को इतने भव्य, सुव्यवस्थित और व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर से चयनित 28 खेलों के खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता, अनुशासन और समर्पण का प्रदर्शन करेंगे। खेलो एमपी यूथ गेम्स की ब्लॉक, जिला एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं।