Karpoor Chandra Kulish Birth Centenary: पत्रिका समूह के संस्थापक श्रद्धेय कर्पूर चन्द्र कुलिशजी का आज जन्मशती दिवस
Karpoor Chandra Kulish Birth Centenary: पत्रिका समूह के संस्थापक श्रद्धेय कर्पूर चन्द्र कुलिशजी का आज 20 मार्च को जन्मशती दिवस है। उन्होंने 7 मार्च 1956 को जयपुर से राजस्थान पत्रिका का प्रकाशन एक पन्ने के सांध्यकालीन दैनिक के रूप में शुरू किया था। कुलिशजी ने पत्रिका को जन सरोकार आधारित पत्रकारिता का मंच बनाया। राजस्थान के बाद समूह ने अन्य राज्यों में भी विस्तार किया। मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन जैसे शहरों से संस्करण शुरु हुए। पत्रिका ने कुलिशजी के मार्गदर्शन में शुरु से ही सनसनीखेज खबरों से दूरी रखते हुए तथ्यपरक और संतुलित रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दी। जन्मशती दिवस पर मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने श्रद्धेय कर्पूर चन्द्र कुलिशजी के पत्रकारिता के लिए अनुपम योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने श्रद्धेय कुलिशजी को याद करते हुए अपने एक्स हेंडल पर लंबा ट्वीट किया। सीएम मोहन यादव ने भी श्रद्धेय कर्पूर चंद्र कुलिशजी के जन्मशती पर्व पर उन्हें कोटिश: नमन किया। उन्होंने कहा है कि कुलिशजी ने पत्रकारिता को जनचेतना और लोकतंत्र की सशक्त आवाज बनाया।
श्रद्धेय कर्पूर चन्द्र कुलिशजी के जन्मशती दिवस के मौके पर 'बिटिया @वर्क' कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसके तहत बेटियां अपने माता-पिता के कार्यस्थल पर जाएंगी। वहां के कामकाज और दायित्वों को समझकर महत्त्वपूर्ण फैसलों में योगदान देंगी।
सीएम मोहन यादव ने जन्मशती पर्व पर श्रद्धेय कर्पूर चंद्र कुलिशजी का पत्रकारिता के प्रति समर्पण भाव को यादव किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि उनके द्वारा स्थापित मूल्य आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं।
राजस्थान पत्रिका अखबार के संस्थापक, प्रखर पत्रकार एवं कवि, श्रद्धेय कर्पूर चंद्र कुलिश जी के जन्मशती पर्व पर उन्हें कोटिशः नमन।
“पाठक ही सर्वोपरि” और “य एषु सुप्तेषु जागर्ति” जैसे उच्च आदर्शों के साथ कुलिश जी ने पत्रकारिता को जनचेतना और लोकतंत्र की सशक्त आवाज बनाया। उनके द्वारा स्थापित मूल्य आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं।
इस अवसर पर आदरणीय श्री गुलाब कोठारी जी, उनके परिवार व राजस्थान पत्रिका समूह के सभी पत्रकारों को हार्दिक बधाई।
पत्रिका समूह के संस्थापक श्रद्धेय कर्पूर चन्द्र कुलिशजी के जन्मशती दिवस पर केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने लंबा ट्वीट किया है। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा कि राजस्थान पत्रिका के संस्थापक श्रद्धेय श्री कर्पूर चंद्र कुलिशजी ने पत्रकारिता को जनसरोकार से जोड़ते हुए उसे नए आयाम दिए। केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कुलिशजी के आदर्श पत्रकारिता को दिशा देते रहेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि राजस्थान पत्रिका समूह अपने संस्थापक श्रद्धेय कर्पूर चन्द्र कुलिशजी की विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखेगा।
राजस्थान पत्रिका के संस्थापक श्रद्धेय श्री कर्पूर चंद्र कुलिश जी ने पत्रकारिता को जनसरोकार से जोड़ते हुए, उसे नए आयाम दिए। आज उनके द्वारा रोपित वटवृक्ष पत्रकारिता के उच्चतम मूल्यों का प्रतीक बन गया है।
मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि हम उनका जन्मशती पर्व मना रहे हैं। इस अवसर पर मैं आदरणीय गुलाब कोठारी जी तथा राजस्थान पत्रिका से जुड़े सभी पत्रकार साथियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि कुलिश जी के आदर्श निरन्तर पत्रकारिता को दिशा देते रहेंगे और राजस्थान पत्रिका उनकी विरासत को अक्षुण्ण रखेगा।
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने श्रद्धेय कर्पूर चंद्र कुलिश के जन्मशती पर्व पर उन्हें नमन किया। सिंघार ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा कि श्रद्धेय कुलिशजी का पत्रकारिता में योगदान अतुलनीय रहा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस अवसर पर गुलाब कोठारीजी, उनके परिवार एवं राजस्थान पत्रिका के समस्त पत्रकारों, अधिकारियों व कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं।
नर्मदापुरम नरसिंहपुर सीट के सांसद दर्शनसिंह चौधरी ने भी राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूर चंद्र कुलिशजी के जन्मशती दिवस पर उन्हें याद किया।