भोपाल

एमपी में यशोधरा राजे सिंधिया की पोस्ट पर बवाल, हाईकमान को पहुंचाया स्क्रीनशॉट

Yashodhara Raje Scindia FB Post - विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद अपने ही दल के नेताओं से भाजपा को नसीहत, यशोधरा राजे ने कहा— आत्म मंथन करें:
2 min read
Aug 05, 2026
यशोधरा राजे सिंधिया
यशोधरा राजे सिंधिया- Photo- Patrika.com

Yashodhara Raje Scindia - दतिया उपचुनाव हारने के बाद भाजपा में खासी उथलपुथल चल रही है। एक ओर प्रदेश नेतृत्व हार की समीक्षा में जुटा है वहीं दूसरी ओर कुछ नेता सार्वजनिक रूप से बयानबाजी कर पार्टी की मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं। बीजेपी के कई नेता अब पार्टी को खुलकर नसीहत देने लगे हैं। पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा है कि यह आत्ममंथन का समय है। उनकी पोस्ट पर भाजपा में ही बवाल मच गया। हाईकमान तक स्क्रीनशॉट भी पहुंचाया गया है।

पार्टी नेताओं ने दतिया की हार पर समीक्षा समिति बनाई

बीजेपी ने विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद दतिया टीम हटा दी है। दतिया में पार्टी के सभी प्रकल्पों और विभागों की इकाइयों को भी भंग कर दिया गया है। इससे पहले पार्टी नेताओं ने दतिया की हार पर समीक्षा समिति बनाई। प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को यह जिम्मेदारी सौंपी। समिति से रिपोर्ट मांगी और तुरंत एक्शन भी ले लिया। उपचुनाव में हार के दोषी भितरघातियों का पता लगाने सत्ता-संगठन के वरिष्ठ नेता भी जुटे हुए हैं।

बीजेपी की वरिष्ठ नेत्री, प्रदेश की पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया मुखर हो उठीं

दतिया विधानसभा में हार के बाद एमपी बीजेपी की वरिष्ठ नेत्री, प्रदेश की पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया मुखर हो उठीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी भावनाएं सार्वजनिक रूप से व्यक्त कर दीं। दतिया उपचुनाव में भाजपा को मिली हार पर उन्होंने पोस्ट करते हुए कहा कि यह आत्ममंथन का समय है। वरिष्ठ नेत्री, पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की इस नसीहत पर पार्टी में हलचल मच गई। उनकी पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी पार्टी के नेताओं के पास पहुंचा दिया गया है।

टीकगमढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी दतिया हार पर सार्वजनिक रूप से कमेंट किया

इसके अलावा टीकगमढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल सिंह ने भी दतिया हार पर सार्वजनिक रूप से कमेंट किया। उन्होेंने अपने फेसबुक एकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जब कार्यकर्ता की जगह अधिकारी यह कहने लगें कि हमारी पहुंच ऊपर तक है, तब परिणाम विपरीत ही आते हैं।

मिश्रा के आशीर्वाद से मिली जीत पर पीठ थपथपा रहे जीतू

वहीं दूसरी ओर दतिया उपचुनाव में 22 हजार से ज्यादा वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहने वाले आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तंज कसा। यादव ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी गजब है। नरोत्तम मिश्रा के आशीर्वाद से मिली जीत पर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं।

Updated on:
05 Aug 2026 10:40 am
Published on:
05 Aug 2026 10:36 am