अच्छी बारिश के लिए महिलाएं करवा रहीं वायु पुराण
भोपाल। शहर में इन दिनों अशोक विहार स्थित दुर्गा मंदिर में वायु पुराण का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को महिलाएं करवा रही हैं। यह आयोजन प्रदेश सहित देश में अच्छी बारिश, विश्व कल्याण और सुख समृद्धि के लिए किया जा रहा है। दुर्गाधाम मंदिर में वायु पुराण का आयोजन महिला मंडल की ओर से किया जा रहा है। इसमें 30 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। चाहे आयोजन के लिए क्षेत्र में जाकर चंदा मांगना हो, अथवा बैठक व्यवस्था, मंच, महाआरती, भंडारे सहित सभी प्रकार के कार्यक्रम हो रहे हैं।
सर्वोपरि है वायु पुराण
यज्ञाचार्य बृजकिशोर शास्त्री का कहना है कि 18 प्रकार के पुराणों में वायु पुराण को सर्वोपरि माना गया है। क्योकि वायु के बिना कोई भी प्राणी जीवित नहीं रह सकता। सारी सृष्टि वायु से संचालित हो रही है। इसलिए वायु देवता की स्तुति के साथ यह पुराण किया जाता है।
दुष्टों का संहार करने होता है भगवान का अवतार
गुफा मंदिर में में भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग हुआ। इस प्रसंग पर आधारित आकर्षक झांकी सजाई गई और जय कन्हैयालाल के जयकारों के साथ कृष्ण ? जन्म की बधाई गूंजी। कथावाचक आचार्य परमानंद शास्त्री ने इस प्रसंग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धरती पर जब-जब अधर्म, अनाचार, पापाचार बढ़ता है, तब-तब भगवान का अवतार होता है। गौ, द्विज, संतों की सेवा के लिए ईश्वर सदैव अवतरित होते हैं। कृष्ण कथा सभी प्रकार के पापों से मुक्ति प्रदान करने वाली होती है। नंद घर आनंद भयो जय कन्हैयालाल की सुमधुर स्वरलहरियों पर आनंदित होकर श्रद्धालुओं ने नृत्य किया।
श्रीकृष्ण ने अज्ञान रूपी अंधकार को दूर किया : पुरोहित
श्रीराम रामायण मंडल के तत्वावधान में सिद्ध हीरामन बाबा मंदिर बरेला लालघाटी में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में पंडित अजय पुरोहित ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद कृष्णपक्ष अष्टमी को रात्रि 12 बजे रोहिणी नक्षत्र में हुआ। भगवान कृष्ण ने संसार को अंधेरे से प्रकाश में लाने के लिए जन्म लिया और अज्ञान रूपी अंधकार को ज्ञानरूपी प्रकाश से दूर किया। कथा में व्यास पीठ का पूजन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भगवानदास सबनानी, बलवीर यादव, बृज यादव, जीतू यादव, सुनील यादव ने किया।