भोपाल

Weather Today: 22 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Weather Today: सीजन में पहली बार ऐसा नजारा: दोपहर से देर रात तक झमाझम का दौर, कई इलाकों में दो से तीन फीट पानी भरा, सडक़ें लबालब, घंटों लगा रहा जाम, घनघोर बारिश से दिन में छाया अंधेरा, 1500 मीटर ही रह गई विजिबिलिटी, दुर्घटना से बचने जलानी पड़ी वाहनों की लाइटें

3 min read
Sep 05, 2019
Warning of heavy rain in 22 districts of MP

भोपाल. राजधानी में बुधवार को सुबह से दोपहर तक रुक-रुककर घनघोर बारिश होती रही। शाम 3.30 बजे काले बादल छाए , जिससे दिन में अंधेरा घिर गया। मौसम वैज्ञानिक आरआर त्रिपाठी के मुताबिक शाम 4.30 बजे विजिबिलिटी 1500 मीटर तक पहुंच गई थी। सामान्य तौर पर यह 3 से 4 किमी होती है। वाहन चालकों को गाडिय़ों की हेडलाइट जलानी पड़ी। एक घंटे हुई तेज बारिश से सडक़ें लबालब हो गईं। कई क्षेत्र दो से तीन फीट तक पानी में डूब गए। घरों में पानी भर गया। बड़ा तालाब से पानी निकालने 13वीं बार भदभदा के गेट खोलने पड़े।

शहर में सुबह से बादल छाए थे। दोपहर एक बजे बाद घने बादलों ने डेरा डाला और एक घंटे तक घनघोर बारिश हुई। इसके बाद कभी तेज तो कभी मध्यम बारिश का दौर देर रात चला। सुबह से शाम तक 41 मिमी तो बैरागढ़ में 26.2 मिमी बारिश रेकॉर्ड की गई।

आज भी जारी रहेगा सिलसिला

मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि इन दिनों तीन सिस्टम सक्रिय हैं। लगातार बारिश के कारण वातावरण में नमी भी बड़ी मात्रा में है, इसलिए तेज बारिश हो रही है। फिलहाल मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। गुरुवार को भी शहर में झमाझम बारिश होने की संभावना है। प्रदेश की बात करें तो 22 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।


रपटा पार करते समय बहा किसान, मौत

खजूरी सडक़ थाना क्षेत्र में तूमड़ा नदी पर रपटा पार करते समय वृद्ध किसान बह गया। गांव के लोग उन्हें निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक घनश्याम पाटीदार (62) गांव तूमड़ा में रहते थे। उनका तूमड़ा नदी की दूसरी तरफ खेत है। वह बुधवार दोपहर खेत से जब लौटे, तब रपटे पर एकाएक बहाव तेज हुआ और घनश्याम बह गए। गांव वालों ने मशक्कत के बाद निकाला।

13वीं बार खोले गए भदभदा के गेट

बुधवार को कोलांस नदी का बहाव तीन फीट पर था। ऐसे में भदभदा के गेट खोले गए जो रातभर खुले रह सकते हैं। बीती रात को दो गेट खोले थे। कलियासोत के गेट भी खोले गए। निगम फायर ब्रिगेड की टीम ने डाउन स्ट्रीम से फिर लोगों को हटाया।

यहां जलभराव

सेफिया कॉलेज रोड, भोपाल टॉकीज, सिंधी कॉलोनी चौराहा, अल्पना तिराहा, भारत टॉकीज, ज्योति टॉकीज चौराहा, शाहपुरा सी सेक्टर, प्रशासन अकादमी, सर्वधर्म कोलार बी- सेक्टर के सामने डेढ़ से दो फीट पानी भर गया। सडक़ों पर जाम लगा। करोंद हरी मजार के पीछे, हर्षवर्धन नगर माता मंदिर, एमपी नगर जोन-2 आनंद नमकीन के सामने, सोनागिरी, अशोका गार्डन, मिनाल रेसीडेंसी आदि में भी जलभराव की स्थिति बनी। जबकि सुभाष नगर, हबीबगंज, रचना नगर, छोला,निशातपुरा अंडरब्रिज पानी भरने से बंद हो गए।

यहां गिरे पेड़
रचना नगर, बरखेड़ा पठानी, अमरई अवधपुरी रोड़, शाहपुरा, निजामुद्दीन कॉलोनी समेत 12 से ज्यादा स्थानों पर पेड़ गिरने की शिकायतें आईं।

फिर भी ढाई डिग्री चढ़ गया पारा

बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री तो न्यूनतम 23.3 डिग्री रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.2 और न्यूनतम 24.5 डिग्री दर्ज हुआ था। इस तरह एक दिन में अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री का उछाल आया। हालांकि बारिश के दौरान तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई थी, लेकिन 24 घंटे की बात करें, तो तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

Updated on:
06 Sept 2019 03:13 pm
Published on:
05 Sept 2019 08:35 am
Also Read
View All

अगली खबर